Page Loader
टाटा टेक्नोलॉजीज BMW कारों के लिए बनाएगी सॉफ्टवेयर, दोनों के बीच हुआ समझौता
BMW की लग्जरी कारों के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज सॉफ्टवेयर बनाएगी (तस्वीर: BMW)

टाटा टेक्नोलॉजीज BMW कारों के लिए बनाएगी सॉफ्टवेयर, दोनों के बीच हुआ समझौता

Apr 02, 2024
01:13 pm

क्या है खबर?

टाटा टेक्नोलॉजीज और जर्मन कार निर्माता BMW ने सॉफ्टवेयर विकास के लिए साझेदारी की है। भारतीय इंजीनियरिंग सर्विस कंपनी ने इसकी जानकारी दी है। बताया गया है कि यह संयुक्त उद्यम ऑटोमैटिक ड्राइविंग के लिए ऑटोमोटिव सॉफ्टवेयर और अन्य सुविधाओं के साथ डैशबोर्ड सिस्टम विकसित करेगा। इस समझौते के किसी भी वित्तीय विवरण का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, नई कंपनी में टाटा टेक्नोलॉजीज और BMW ग्रुप की 50-50 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी।

तैयारी 

नए उद्यम को लेकर कंपनियों ने यह कहा 

एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों कंपनियों ने पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई में ऑटोमोटिव सॉफ्टवेयर और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विकास केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से एक संयुक्त उद्यम बनाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। BMW ग्रुप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ ग्रोट ने कहा, "भारत में उत्कृष्ट सॉफ्टवेयर कौशल वाली बड़ी संख्या में प्रतिभाएं हैं, जो हमारी सॉफ्टवेयर क्षमता में योगदान कर सकती हैं।"

समीक्षा

समझौते की चल रही समीक्षा 

टाटा टेक्नोलॉजीज ऑटो, एयरो और भारी मशीनरी निर्माताओं को इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी सेवाएं प्रदान करती है। मुख्य विकास और संचालन गतिविधियां बेंगलुरु और पुणे में स्थापित की जाएंगी, जबकि चेन्नई में बिजनेस IT समाधानों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि संयुक्त उद्यम समझौते का निष्पादन संबंधित अधिकारियों द्वारा समीक्षा और अनुमोदन के अधीन है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में नई कंपनी का संचालन 100 कर्मचारियों के साथ किया जाएगा।