टाटा पंच के फेसलिफ्ट मॉडल पर काम कर रही कंपनी, मिल सकती है ADAS तकनीक
क्या है खबर?
देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने इसी साल अपनी सस्ती इलेक्ट्रिक SUV टाटा पंच EV को भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। अब कंपनी ने इस गाड़ी के फेसलिफ्ट मॉडल पर काम करना शुरू कर दिया है।
कंपनी इस गाड़ी को नए लुक और फीचर्स के साथ साल 2025 में लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसमें सुरक्षा के लिए ADAS तकनीक मिल सकती है।
आइये जानते हैं कि इसमें क्या कुछ फीचर्स मिल सकते हैं।
लुक
लुक में किया जा सकता है बदलाव
टाटा पंच फेसलिफ्ट में सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन में किया जाएगा। यह गाड़ी हाल ही में लॉन्च हुई टाटा नेक्सन फेसलिफ्ट पर आधारित होगी।
इसमें नया फ्रंट फेसिया देखने को मिलेगा। साथ ही इसमें नया बॉक्सी डिजाइन भी देखने को मिलेगा। इसमें पीछे की तरफ शार्क फिन एंटीना और किनारों पर बी-पिलर्स जैसे फीचर्स मिलेंगे।
इसमें स्लिम LED हेडलाइट्स, एक बंद ग्रिल, नए अलॉय व्हील, कनेक्टेड LED टेललाइट्स और सामने की तरफ कनेक्टेड LED DRLs दिए जा सकते हैं।
पावरट्रेन
पावरट्रेन में नहीं किया जाएगा कोई भी बदलाव
टाटा पंच के फेसलिफ्ट वर्जन के पावरट्रेन में किसी भी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है। जानकारी के अनुसार इसे मौजूदा मॉडल की तरह की पेट्रोल और CNG इंजन के विकल्प में लाया जा सकता है।
मौजूदा टाटा पंच में 1.2-लीटर का 3-सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन मिलता है। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। इसमें फैक्ट्री-फिटेड CNG किट भी मिलती है, जो ट्विन-सिलेंडर तकनीक से लैस है।
फीचर्स
ADAS तकनीक के साथ आ सकती है फेसलिफ्ट टाटा पंच
कयास लगाए जा रहे हैं कि फेसलिफ्ट पंच में ADAS तकनीक भी जोड़ी जा सकती है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आगामी पंच फेसलिफ्ट में पहले से आरामदायक 5-सीटर केबिन मिलने की उम्मीद है। इस गाड़ी में बड़ा 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल की सुविधा भी मिलेगी।
इसके अलावा इसमें टाटा लोगो के साथ ट्विन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील की भी सुविधा होगी।
जानकारी
क्या होगी टाटा पंच फेसलिफ्ट की कीमत?
टाटा पंच फेसलिफ्ट की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। अनुमान है कि इसकी कीमत करीब 6.5 लाख रुपये के आस-पास हो सकती है।
न्यूजबाइट्स प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
टाटा मोटर्स अपनी अल्ट्रोज EV को 2025 में लॉन्च करेगी। कंपनी ने इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है। संभावना है कि 25वें ऑटो एक्सपो में इससे पर्दा उठाया जा सकता है।
इस इलेक्ट्रिक हैचबैक को अपडेटेड एक्सटीरियर और इंटीरियर के साथ उतारा जाएगा। इसके केबिन में हाल ही में लॉन्च हुई टाटा पंच EV के फीचर और डिजाइन की झलक मिल सकती है।
अल्ट्रोज EV कॉन्सेप्ट को 2020 में ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित किया गया था।