नए साल से अपने वाहनों के दाम बढ़ा सकती हैं टाटा मोटर्स, रेनो और होंडा
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स, होंडा और रेनो जैसी दिग्गज कार निर्माता अपनी इनपुट लागत में लगातार हो रहे वृद्धि को देखते हुए अगले साल जनवरी में अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।
कोविड-19 के कारण स्टील, एल्युमीनियम, तांबा, प्लास्टिक और कीमती धातुओं जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में पिछले एक साल में काफी वृद्धि हुई है और इस वजह से ऑटोमोबाइल सेक्टर पर काफी बुरा प्रभाव पड़ा है। ऐसे में वाहनों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स बढ़ाएगी अपने चुनिंदा मॉडलों के दाम
कमोडिटी की कीमतों में लगातार बृद्धि को देखते हुए टाटा मोटर्स भी अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है।
कंपनी के अध्यक्ष शैलेश चंद्र ने कहा, "कच्चे माल और अन्य महंगी वस्तुओं की वजह इनपुट लागतों की कीमतों में वृद्धि जारी है। इस वृद्धि को कम से कम आंशिक रूप से ऑफसेट करने के लिए हमें एक हिस्सा ग्राहकों से लेना पड़ रहा है।"
बता दें टाटा मोटर्स भारत में कई दमदार मॉडल बेचती है।
होंडा
होंडा भी कर रही है मूल्य वृद्धि पर विचार
होंडा भी 2022 में अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में वृद्धि पर विचार कर रही है, क्योंकि वाहन बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के कारण ऐसा करना पड़ रहा है।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया, "हम अभी भी अध्ययन कर रहे हैं कि वाहनों की कीमतों में कितनी वृद्धि की जा सकती है।"
हाल के दिनों में ट्रांसपोर्टेशन चार्ज भी बढ़ी है, जिससे मूल उपकरण निर्माताओं (OEM) की कुल लागत प्रभावित हुई है।
रेनो
पर्याप्त मूल्य वृद्धि पर रेनो कर रही है विचार
ऊपर बताये गए कारणों की वजह से ही रेनो ने भी कहा कि वह जनवरी से अपनी सभी मॉडल रेंज में "पर्याप्त" मूल्य वृद्धि पर भी विचार कर रही है।
बता दें कि रेनो भारतीय बाजार में क्विड, ट्रिबर और कीगर जैसी बेहतरीन कारों की बिक्री करती है।
दूसरी तरफ इन्ही वजहों से विश्व की लग्जरी कार निर्माता ऑडी और मर्सिडीज-बेंज जैसी कंपनियों ने पहले ही मूल्य वृद्धि का ऐलान कर दिया है।
जानकारी
मारुति भी कर चुकी है मूल्य वृद्धि की घोषणा
मारुति सुजुकी ने कुछ दिनों पहले घोषणा की थी कि उसकी कारें जनवरी, 2022 से महंगी हो जाएंगी।
ऑटोमेकर ने बढ़ोतरी का जिम्मेदार एक साल से उत्पादन लागत में होने वाली लगातार वृद्धि को ठहराया था। हालांकि, मारुति ने कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में अधिक जानकारी का खुलासा नहीं किया है, पर कहा है कि विभिन्न मॉडलों के लिए कीमतों में वृद्धि अलग-अलग होगी।
मारुति 2021 में अपनी कारों की कीमतों में पहले ही तीन बढ़ोतरी कर चुकी है।