
दूसरी बार बढ़े टाटा मोटर्स के कमर्शियल वाहनों के दाम, इस दिन से होंगे लागू
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स अपने नेक्सन इलेक्ट्रिक वाहन (EV) के चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब अपने कमर्शियल व्हीकल रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी करने वाली है।
नई कीमतें अक्टूबर 2021 से लागू कर दी जाएंगी।
कंपनी कीमतों में दो फीसदी की बढ़ोतरी करेगी जिसे अलग-अलग मॉडल्स और वेरिएंट के आधार पर लागू किया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को ऑफसेट करने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
कारण
क्या है बढ़ोतरी का कारण?
टाटा मोटर्स के मुताबिक कमोडिटी की वस्तुओं खास कर स्टील और अन्य मेटल्स की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है।
यह बढ़ोतरी हर रेंज की कमर्शियल व्हीकल पर लागू होगी।
इसके अलावा कंपनी ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण माल ढुलाई दरों में वृद्धि और रोजगार लागत में वृद्धि जैसी चीजों का भी हवाला दिया है।
टाटा ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतों का ज्यादातर प्रभाव कंपनी द्वारा उठाया गया है।
जानकारी
पहले भी बढ़ी थी कीमतें
दो महीने से भी कम समय में कार निर्माता द्वारा यह दूसरी बढ़ोतरी है।
इससे पहले अगस्त में कंपनी ने 'न्यू फॉरएवर' रेंज को छोड़कर अपने यात्री वाहनों की कीमतों में 0.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। जिसमें भी इनपुट कीमतों में वृद्धि को जिम्मेदार ठहराया गया था।
तब टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल्स के अध्यक्ष शैलेश चंद्र ने बताया था कि कीमतों में वृद्धि का प्रभाव पिछले साल किए गए रिजर्व का 8 से 8.5 प्रतिशत तक है।
जानकारी
टाटा ने इस सेगमेंट में भी बढ़ाए हैं दाम
निर्माता कंपनी ने हाल ही में अपने नेक्सन इलेक्ट्रिक वाहन (EV) के चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है, जिसके बाद XZ+ और XZ+ लक्स वेरिएंट अब 9,000 रुपये महंगे हो गए हैं।
वहीं, इसके बाकी के तीन वेरिएंट्स-XM ट्रिम, XZ+ डार्क और XZ+ लक्स डार्क मॉडल की एक्स-शोरूम कीमतें पहले की तरह ही रहेंगी।
टाटा ने इस साल तीसरी बार इस सेगमेंट में अपने वाहनों के दाम बढ़ाए हैं।
सेल्स रिपोर्ट
अगस्त में कंपनी को बिक्री में हुआ था फायदा
अगस्त 2021 में कंपनी की कमर्शियल वाहन की बिक्री में वृद्धि देखी गयी थी।
कंपनी ने अगस्त 2021 में 26,172 यूनिट कमर्शियल वाहनों की बिक्री की जो पिछले साल की तुलना में 55 प्रतिशत ज्यादा था। वहीं, कंपनी ने 7,646 यूनिट की बिक्री के साथ कमर्शियल बसें और ट्रकों की बिक्री में वृद्धि की थी।
इतना ही नहीं टाटा ने अगस्त 2021 में कुल 57,995 वाहन बेचे, जो पिछले साल की तुलना में चार प्रतिशत ज्यादा है।