
लैंड रोवर डिफेंडर का छोटा इलेक्ट्रिक वर्जन आया नजर, जानिए कैसा है लुक
क्या है खबर?
लैंड रोवर कई नए इलेक्ट्रिक मॉडल पर काम कर रही है। इनमें से एक डिफेंडर का छोटा इलेक्ट्रिक 4×4 वर्जन है, जो काफी समय से चर्चा में है।
इस बेबी डिफेंडर को अब पहली बार टेस्टिंग के दौरान सड़क पर देखा गया है। इसमें मौजूदा लैंड रोवर डिफेंडर की तरह ही मजबूत बॉक्सी प्रोफाइल है।
इसकी लंबाई लगभग 4.6-मीटर, चौड़ाई 2-मीटर और ऊंचाई 1.8-मीटर होने का अनुमान है। इसका आकार स्कोडा कोडियाक और आगामी डासिया बिगस्टर के बराबर है।
लुक
कैसा है आगामी डिफेंडर का लुक?
आगामी डिफेंडर में मौजूदा मॉडल के समान एक सपाट, सीधी नोज है। आवरण से ढके होने के कारण लाइटिंग एलिमेंट्स और ग्रिल डिजाइन के बारे में जानकारी स्पष्ट नहीं है।
संभावना है कि बड़े डिफेंडर के समान इनकी आकृति आयताकार हो सकती हैं।
इसके अलावा लेटेस्ट कार में आगे-पीछे मजबूत बंपर, बॉडी क्लैडिंग, ब्लैक-आउट फिनिश में बड़े अलॉय व्हील और फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल शामिल हैं।
इसमें आफ-रोड केंद्रित एक्सेसरीज- सुरक्षात्मक क्लैडिंग, ऑफ-रोड टायर, रूफ रैक, कैंपिंग गियर पेश की जाएंगी।
बैटरी पैक
ऐसा होगा बैटरी पैक
डिफेंडर का छोटा इलेक्ट्रिक वर्जन नए EMA प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, जिसे विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए विकसित किया गया है।
इस प्लेटफॉर्म को 800V आर्किटेक्चर को सपोर्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलेगी।
बैटरी पैक का निर्माण टाटा की यूनाइटेड किंगडम (UK) स्थित फैक्ट्री में किया जाएगा।
इसमें बैटरी पैक पतले होने की उम्मीद है, जिससे केबिन में ज्यादा जगह मिलेगी। यह आगामी छोटी मर्सिडीज-बेंज G-क्लास को टक्कर देगी।