स्कोडा मिड-साइज SUV कुशाक का मोंटे कार्लो एडिशन लॉन्च, जानें क्या है कीमत
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार स्कोडा (Skoda) ने अपनी मिड-साइज SUV कुशाक (Kushaq) का मोंटे कार्लो (Monte Carlo) एडिशन लॉन्च कर दिया है। कंपनी कुशाक के इस एडिशन को बहुत से नए बदलावों के साथ लेकर आई है जो इसे अपने स्टैंडर्ड (standard) वेरिएंट से अलग एक स्पोर्टी (Sporty) लुक देता है। डुअल-टोन इंटीरियर और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर सहित कई बड़े बदलाव किये गये हैं। मोंटे कार्लो एडिशन कुशाक के ही पहले वाले स्टाईल वेरिएंट पर बेस्ड है।
1.0 और 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन के हैं विकल्प
स्कोडा कुशाक मोंटे कार्लो दो इंजन ऑप्शन में उपलब्ध है। पहला, 4-सिलेंडर वाला 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन है जो 148bhp और 250Nm का टार्क पैदा करता है और दूसरा तीन-सिलेंडर वाला 1.0 लीटर TSI पेट्रोल इंजन है जो 114bhp की क्षमता और 178Nm का टार्क पैदा करता है। इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ऑप्शन दिये गये है।मैनुअल यूनिट में 6-स्पीड गियरबॉक्स और ऑटोमैटिक DSG यूनिट में 7-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
कार को दिया गया है स्पोर्टी लुक
कुशाक मोंटे कार्लो में स्कोडा के सिग्नेचर ग्रिल को ORVMs के साथ चमकदार काले रंग से सजाया गया है। इसमें ऑक्टेविया वीआरएस 245 से लिए हुए 17 इंच के अलॉय व्हील दिये हैं। साइड में, स्कोडा के बैज को मोंटे कार्लो लिखे हुए फेंडर गार्निश से बदल दिया गया है। इसके दरवाजे के हैंडल में क्रोम फिनिश दी गई है। चमकीले काले रंग की क्रोम फीनिश और ब्लैक रूफ इसके स्पोर्टी लुक को और निखारती है।
लाल और काले रंग का ड्यूल-टोन केबिन
मोंटे कार्लो में लाल और काले रंग का ड्यूल-टोन केबिन है। आगे लेदर की वेंटिलेटड की सीटें दी गईं हैं। स्पोर्टी कैरेक्टर को हाइलाइट करने के लिए हेडरेस्ट पर मोंटे कार्लो लिखा गया है, डोर आर्मरेस्ट और सेंटर आर्मरेस्ट में लाल रंग की सिलाई है। एंबिएंट लाइटिंग और लाल रंग की थीम में स्कोडा प्ले ऐप्स के साथ 10 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। इसमें स्कोडा स्लाविया के साथ पेश किया गया नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी है।
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
कुशाक मोंटे कार्लो एडिशन की कीमत 15.99 लाख रुपये (एक्सशोरूम) से शुरु होकर 19.49 लाख रुपये तक है। वहीं, भारतीय बाजार में इसका मुकाबला महिंद्रा XUV 700, हुंडई क्रेटा, टाटा सफारी, टाटा हैरियर और MG हेक्टर जैसी गाड़ियों से होगा।