
भारतीय बाजार में निसान लॉन्च करेगी ये 6 नई गाड़ियां
क्या है खबर?
जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी निसान भारतीय बाजार में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने की योजना बना रही है। जानकारी के अनुसार, कंपनी फ्रेंच कार निर्माता रेनो के साथ मिलकर आने वाले कुछ महीनों में देश में लगभग 6 गाड़ियां लॉन्च करने वाली है।
इसके लिए दोनों कंपनियां भारत में करीब 5,300 करोड़ रुपये निवेश करने वाली है।
आइये जानते हैं कि रेनो के साथ मिलकर निसान कंपनी कौन-सी नई गाड़ियां लॉन्च कर सकती है।
जानकारी
क्या है कंपनी की योजना?
रिपोर्ट्स के अनुसार, निसान 2026 तक देश में करीब 6 नई गाड़ियां लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसमें कुछ इलेक्ट्रिक और कुछ ICE मॉडल्स शामिल होने। कंपनी द्वारा लॉन्च की जाने वाली सभी गाड़ियां SUV सेगमेंट की होंगी।
#1
निसान जूक: कीमत करीब 10 लाख रुपये
कंपनी इसी साल अपनी निसान जूक को भारतीय बाजार में उतारने की योजना बना रही है। यह एक कॉम्पैक्ट साइज की SUV होगी।
रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 2.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो 170hp की पावर और 205Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
यात्रियों के सुरक्षा के लिए कार में छह एयरबैग, एक 360-डिग्री-व्यू कैमरा, इंजन इम्मोबिलाइज़र और EBD के साथ ABS दिए गए हैं।
#2
निसान कश्कई: कीमत करीब 15 लाख रुपये
निसान कश्कई कंपनी द्वारा बेचे जाने वाले लोकप्रिय मॉडलों में से एक है। यूरो NCAP क्रैश टेस्ट में इस गाड़ी को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।
कंपनी इसे भी भारत में लॉन्च करेगी। इसे 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ उतारा जा सकता है। साथ ही इस कार में हाइब्रिड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जायेगा।
साथ ही इसमें एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला 7-इंच का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलने की उम्मीद है।
#3
निसान आरिया: अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, निसान अपनी एक इलेक्ट्रिक कार निसान आरिया भी भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। यह इलेक्ट्रिक SUV पहले से ही वैश्विक बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
यह गाड़ी 63kWh और 87kWh बैटरी पैक के विकल्प में उपलब्ध है। फुल चार्ज करने में यह करीब 580 से 610 किलोमीटर की रेंज दे सकती है।
वर्तमान में यह फ्रंट व्हील ड्राइव और ऑल व्हील ड्राइवर वेरिएंट में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
#4
निसान X-ट्रेल: कीमत करीब 15 लाख रुपये
निसान X-ट्रेल एक 7-सीटर SUV होगी। भारतीय बाजार में इस गाड़ी का मुकाबला महिंद्रा XUV700 से होगा।
इसमें ब्लैक-आउट ग्रिल, बड़े एयर वेंट्स, सिल्वर फॉक्स स्किड प्लेट, स्मूथ LED हेडलैंप और L शेप के DRL दिए जा सकते हैं, जो कार को आकर्षक लुक प्रदान करते हैं।
इसमें 2.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। कार में चार स्पीकर और 8.0-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट पैनल उपलब्ध है, जो एंड्रायड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करता है।
#5
रेनो ट्राइबर पर आधारित नई गाड़ी
अगले साल भारतीय बाजार में निसान एक नई 7-सीटर SUV लॉन्च कर सकती है। यह रेनो ट्राइबर MPV पर आधारित होगी। इस कार की लंबाई लगभग 4.60 मीटर होगी।
इस SUV में हाइब्रिड इंजन मिलेगा। साथ ही इसमें हाइब्रिड सिस्टम और एक प्लग-इन हाइब्रिड (ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ) का विकल्प भी मिल सकता है। हालांकि, कार की कोई भी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
इसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये के आस-पास होगी।
#6
एक 7-सीटर MPV पर भी चल रहा काम
निसान मोटर्स इस समय रेनो डस्टर पर आधारित एक नई गाड़ी पर भी काम कर रही है। इसे 5-सीटर और 7-सीटर वेरिएंट में पेश करेगी। इस गाड़ी को 2025 में लॉन्च किया जा सकता है।
इसमें BS6 मानकों को पूरा करने वाला 1.3 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है, वहीं दूसरा 1.5 लीटर का हाइब्रिड पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलेगा।
देश में इस गाड़ी की कीमत करीब 12 लाख रुपये से शुरू होगी।