इस साल अब तक सबसे ज्यादा बिकीं ये गाड़ियां, वैगनआर और स्विफ्ट सबसे आगे
क्या है खबर?
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार हर महीने लाखों कारों की बिक्री कर दुनिया के पांच सबसे बड़े बाजारों में शुमार है।
कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन से इस क्षेत्र पर भी बहुत नकारात्मक असर पड़ा था। वाहनों की बिक्री में जबरदस्त गिरावट दर्ज हुई थी। हालांकि, अब ऑटो बाजार इससे उभरता दिख रहा है।
साल 2022 के शुरुआती छह महीने पूरे हो चुके हैं। यहां जानते हैं देश में इस दौरान कौन सी कारों की बिक्री सबसे ज्यादा हुई।
#1
मारुति सुजुकी वैगनआर
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अमूमन हर साल ही सबसे ज्यादा पैसेंजर कारों की बिक्री करती है।
इस साल के शुरुआती छह महीनों में भी मारुति की वैगनआर हैचबैक फिर से देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली रही।
अब तक के छह महीनों में इस हैचबैक की 1.13 लाख यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है, जो पिछले साल इस अवधि में 94,839 यूनिट्स की रही थी।
वैगनआर लंबे समय से देश की बेस्टसेलिंग कार है।
#2
मारुति सुजुकी स्विफ्ट
साल 2005 में लॉन्च हुई मारुति सुजुकी स्विफ्ट बिक्री में 10.79 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद इस साल की बेस्टसेलिंग कारों में शामिल है।
गौरतलब है कि कंपनी साल 2018 और 2021 में इसे फेसलिफ्ट मॉडल में लेकर आ चुकी है।
इस साल के शुरुआती छह महीनों में मारुति स्विफ्ट की 91,177 यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है, जो पिछले साल इस अवधि में 1.02 लाख यूनिट्स की रही थी। इसकी बिक्री में 11,029 यूनिट्स की गिरावट दर्ज हुई है।
#3 और 4
मारुति सुजुकी डिजायर और टाटा नेक्सन
अर्धवार्षिक सेल्स रिपोर्ट में तीसरे नंबर पर भी मारुति ने ही बाजी मारी है, इस स्थान पर मारुति सुजुकी डिजायर ने कब्जा जमाया है। इसके बाद चौथे नंबर पर रही है टाटा मोटर्स की नेक्सन।
छह महीनों में मारुति डिजायर की 85,929 यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। वहीं टाटा नेक्सन की अब तक 82,770 यूनिट्य की बिक्री हुई है।
टाटा नेक्सन देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV है।
#5 और 6
मारुति की बलेनो और अर्टिगा
देश में मारुति की बलेनो और अर्टिगा साल के शुरूआती छह महीनों की बिक्री से क्रमश: पांचवे और छठे स्थान पर काबिज हुई हैं।
हालांकि, मारुति बलेनो की बिक्री में 20.18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। इन छह महीनों में इसकी 74,892 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जो पिछले साल 93,823 यूनिट्स की रही थी।
मारुति सुजुकी अर्टिगा देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली MPV है। अब तक की छमाही में इसकी 68,922 यूनिट्स बिक चुकी हैं।
जानकारी
सातवें स्थान पर मारुति ऑल्टो
इस रिपोर्ट में सातवें स्थान पर भी मारुति की ऑल्टो आई है। इस साल ऑल्टो की अब तक 68,680 यूनिट्स की बिक्री हो गई है। छह महीनों की इस बिक्री में शीर्ष 10 स्थानों में से सात पर मारुति ने ही कब्जा जमाया है।