मारुति सुजुकी ने की अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री, निर्यात ने भी बनाया रिकॉर्ड
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने 2026 के पहले महीने में बिक्री के मामले में एक नया कीर्तिमान बनाया है। उसने अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की है। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने पिछले महीने कुल 2.36 से अधिक वाहन बेचे हैं, जो पिछले साल इसी महीने में 2.12 लाख रही थी। इसमें दूसरी कंपनी (टोयोटा) को बेची गई 7,643 गाड़ियों समेत कुल घरेलू बिक्री 1.85 लाख शामिल है।
आंकड़े
ऐसे रहे हैं कारों के बिक्री आंकड़े
कंपनी के घरेलू कारोबार में यात्री वाहनों (PVs) का दबदबा रहा। पिछले महीने 1.74 लाख कार बेची गईं। यूटिलिटी व्हीकल (UV) पोर्टफोलियो में ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रोंक्स, ग्रैंड विटारा, XL6, जिम्नी और इनविक्टो जैसे लोकप्रिय मॉडल ने 75,609 की बिक्री दर्ज की है, जो जनवरी, 2025 में बेची गई 65,093 की तुलना में वृद्धि दर्शाता है। ऑल्टो और S-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री 14,268 और बलेनो, स्विफ्ट, डिजायर, वैगनआर और सेलेरियो सहित कॉम्पैक्ट कारों की कुल बिक्री 72,738 रही है।
निर्यात
कितना बढ़ा है निर्यात?
जनवरी की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक मारुति सुजुकी का निर्यात प्रदर्शन रहा है। कंपनी ने विदेशों में 51,020 गाड़ियों का निर्यात किया, जो अब तक का उसका उच्चतम मासिक निर्यात आंकड़ा है। पिछले साल इसी महीने में निर्यात की गई 27,100 गाड़ियों की तुलना में यह एक बड़ी छलांग है। वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-जनवरी के बीच कुल बिक्री 19.8 लाख तक पहुंच गई है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 18.4 लाख थी।