LOADING...
मारुति सुजुकी ने पिछले महीने घरेलू बाजार में बेची 1.6 लाख गाड़ियां, जानिए कैसा रहा निर्यात
मारुति सुजुकी ने पिछले महीने बिक्री में बढ़त हासिल की है

मारुति सुजुकी ने पिछले महीने घरेलू बाजार में बेची 1.6 लाख गाड़ियां, जानिए कैसा रहा निर्यात

Mar 01, 2026
01:42 pm

क्या है खबर?

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी ने रविवार (1 मार्च) को अपने फरवरी के मासिक बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, उसने पिछले महीने कुल 2.13 लाख गाड़ियां बिक्री की हैं। यह पिछले साल इसी महीने की बिक्री 1.99 लाख की तुलना में सालाना 7.32 फीसदी अधिक है। यह वृद्धि यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट और निर्यात में मजबूत प्रदर्शन के कारण हुई। घरेलू बाजार में कार बिक्री 1.6 लाख से बढ़कर 1.61 लाख हो गई।

सेगमेंट 

सेगमेंट के हिसाब से कैसी रही बिक्री?

मारुति ऑल्टो और S-प्रेसो जैसी मिनी कारों की बिक्री 10,238 रही, जो पिछले साल इसी महीने की बिक्री (10,226) के लगभग समान है। मारुति बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट, वैगनआर जैसे कॉम्पैक्ट सेगमेंट की बिक्री 66,386 रही, जो पिछले वर्ष की 72,942 से कम है। मिनी और कॉम्पैक्ट कारों की संयुक्त बिक्री 76,624 रही है। इसके अलावा ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रोंक्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, विक्टोरिस और XL6 जैसे यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट की बिक्री 65,033 से बढ़कर 72,756 हो गई है।

निर्यात 

निर्यात में रहा शानदार प्रदर्शन 

ईको जैसी वैन सेगमेंट की बिक्री 11,620 रही है, जो पिछले वर्ष की 11,493 से थोड़ी अधिक है। लाइट कमर्शियल व्हीकल (सुपर कैरी) की बिक्री 3,130 रही, जो पिछले वर्ष की 2,710 से अधिक है। इसके अलावा कार निर्माता ने टोयोटा को 10,710 गाड़ियां बेची हैं। निर्यात के मामले में मारुति सुजुकी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान उसने 39,155 गाड़ियों का निर्यात किया, जो पिछले साल की 25,021 की तुलना में सालाना 56 फीसदी की वृद्धि है।

Advertisement