नए टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च हुई महिंद्रा XUV300, कीमत 10.35 लाख रुपये से शुरू
क्या है खबर?
दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी नई महिंद्रा XUV300 टर्बो स्पोर्ट्स को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है।
लेटेस्ट मॉडल में कंपनी ने एक नए 1.2-लीटर T-GDi टर्बो पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया है। साथ ही इसमें नए ट्विन पीक्स लोगो को भी शामिल किया गया है।
कार के डिजाइन को भी कॉस्मेटिक अपडेट मिला है। हालांकि, इसके अन्य सभी फीचर्स मौजूदा XUV300 के समान ही होंगे।
आइये इसके बारे में जानते हैं।
लुक
कैसा है नई महिंद्रा XUV300 का डिजाइन?
डिजाइन की बात करें तो महिंद्रा XUV300 टर्बो-स्पोर्ट्स के आगे और पीछे नये "ट्विन पीक्स" लोगो के साथ मस्कुलर बोनट, क्रोम-स्टडेड ग्रिल, LED DRLs के साथ प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, सिल्वर स्किड प्लेट्स, एक रेक विंडस्क्रीन और फ्रंट में एक चौड़ा एयर डैम दिया गया है।
SUV के किनारे पर रूफ रेल्स, ORVMs, फ्लेयर्ड व्हील आर्चेस और नए डिजाइन किए गए अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
इनके अलावा, इसकी रियर प्रोफाइल को शानदार बनाने के लिये इसमें रैप-अराउंड LED टेललाइट्स भी हैं।
पावरट्रेन
नए टर्बो-पेट्रोल के साथ आई है महिंद्रा XUV300
बता दें कि नई XUV300 में 1.2-लीटर का T-GDI m-स्टैलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 130hp की पावर और 230Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।
कार के मौजूदा इंजन में 1.2-लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 108PS की पावर और 200Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल का भी विकल्प मिलता है, जो 115PS की पावर और 300Nm टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।
फीचर्स
केबिन में दिए गए हैं ये फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो नई XUV300 के केबिन में कई बदलाव किए गए हैं। यह पहले से अधिक प्रीमियम दिखती है।
इसमें ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, की-लेस एंट्री, पार्किंग सेंसर और क्रूज कंट्रोल के साथ एक मल्टीफंक्शनल स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। साथ ही इसमें एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट पैनल है।
सुरक्षा के लिए इस गाड़ी में सात एयरबैग, ABS, EBD, रियर-व्यू कैमरा, क्रैश सेंसर और इंजन इम्मोबिलाइजर दिए गए हैं।
जानकारी
क्या है इसकी कीमत?
नई महिंद्रा XUV300 को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसके W6 TGDi वेरिएंट की कीमत 10.35 लाख रुपये, W8 TGDi वेरिएंट की कीमत 11.65 लाख रुपये और W8(0) TGDi की कीमत 12.75 लाख रुपये (सभी कीमतें एक्स-शोरूम) है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
बता दें कि XUV300 भारत में पहली बार फरवरी 2019 में लॉन्च की गई थी, तब से यहां इसका कोई फेसलिफ्ट मॉडल नहीं आया है।
यह कार ग्लोबल NCAP द्वारा प्रमाणित महिंद्रा एंड महिंद्रा की सबसे सुरक्षित कारों में से एक है। इसे क्रैश टेस्ट में 17 में से 16.42 अंकों के साथ 5 स्टार मिले हैं।
कुछ महीने पहले ही कंपनी ने अपनी XUV300 को दक्षिण अफ्रीका में लॉन्च किया था।