
महिंद्रा XUV.e8 टेस्टिंग के दौरान फिर आई नजर, दिखे ये फीचर्स
क्या है खबर?
दिग्गज वाहन निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा की XUV.e8 इलेक्ट्रिक SUV को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान स्पाॅट किया गया है। इसके इंटीरियर की स्पष्ट तस्वीरों में नए स्टीयरिंग व्हील के साथ कई नए फीचर्स का खुलासा हुआ है।
यह कंपनी के नए बोर्न इलेक्ट्रिक (BE) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। आगामी XUV.e8 दिखने में महिंद्रा XUV700 से समानता लिए होगी। इसके अधिकांश बॉडी पैनल उसी के समान होंगे।
आइये जानते हैं आगामी इलेक्ट्रिक SUV में क्या फीचर्स मिलेंगे।
फीचर्स
ऐसा होगा नई इलेक्ट्रिक SUV का इंटीरियर और एक्सटीरियर
महिंद्रा XUV.e8 में कनेक्टेड LED DRLs, आक्रामक फ्रंट फेसिया, किनारों पर भारी क्लैडिंग, इंटीग्रेटेड साइड इंडिकेटर्स के साथ ऑटोमैटिक ORVMs, नए LED हेडलैंप मिलेंगे।
साथ ही नए डिजाइन के अलॉय व्हील और XUV700 के समान फ्लश डोर हैंडल की सुविधा भी होगी। इसमें टाटा नेक्सन फेसलिफ्ट के समान एक मल्टी-फंक्शनल 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलेगा।
इसके अलावा डैशबोर्ड पर 3 स्क्रीन पैनल, केंद्र कंसोल पर गोल आकार में घूमने वाले ड्राइविंग मोड सिलेक्टर के साथ एक विशिष्ट गियर नॉब होगा।
पावरट्रेन
सिंगल चार्ज में दौड़ेगी करीब 500 किलोमीटर
XUV.e8 में ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ 80kWh तक का बैटरी पैक मिलेगा। इसकी मोटर 230hp से लेकर 350hp तक पावर और 500 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम होगी।
इसकी लंबाई 4,740mm, चौड़ाई 1,900mm और ऊंचाई 1,760mm होगी, जबकि व्हीलबेस 2,762mm होगा। यह XUV700 की तुलना में आकार और व्हीलबेस दोनों में ही बड़ी होगी।
यह गाड़ी दिसंबर, 2024 तक भारत में लॉन्च हो सकती है और शुरुआती कीमत 21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास रहने की उम्मीद है।