
महिंद्रा 15 अगस्त को पेश करेगी अपनी ये पांच इलेक्ट्रिक SUVs
क्या है खबर?
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते बाजार को देख अब देश-विदेश की सभी कंपनियां इस ओर बढ़ रही हैं। पेट्रोल और डीजल की ऊंची कीमतों ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। ऐसे में आम जन इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं।
इन इलेक्ट्रिक कारों की चाह रखने वाले लोगों के लिए देश की दिग्गज कंपनी महिंद्रा ने एक बड़ी घोषणा की है। वह अगले महीने पांच नई इलेक्ट्रिक SUVs की पेशकश करने जा रही है।
पेशकश
'बोर्न EV' रेंज 15 अगस्त को होगी पेश
महिंद्रा अपनी इन इलेक्ट्रिक कारों की वैश्विक पेशकश 15 अगस्त को करने वाली है। कंपनी ने कारों की इस रेंज को 'बोर्न EV' नाम दिया है।
महिंद्रा इस रेंज से जुड़ी जानकारी पहले भी टीजर के माध्यम से देती रही है, लेकिन अब कंपनी ने पहली बार खुलासा किया है कि वह पांच नई इलेक्ट्रिक SUV ला रही है।
इन कारों को 'महिंद्रा एडवान्स डिजाइन यूरोप' (MADE) डिवीजन द्वारा यूनाइटेड किंगडम (UK) में डिजाइन किया गया है।
कारें
कैसी हैं यह इलेक्ट्रिक कारें?
टीजर में दिखाई गईं पांच SUVs में से एक की बॉडी डिजाइन कूपे स्टाइल क्रॉसओवर जैसी दिखती है। इसके अलावा इनमें से एक इलेक्ट्रिक SUV का डिजाइन महिंद्रा की मौजूदा XUV700 जैसा भी रखा गया है।
नए टीजर वीडियो में आने वाली इन पांचों इलेक्ट्रिक कारों की प्रोफाइल को सिल्हूट यानी छायाचित्र के रूप में दिखाया गया है।
हाल ही में महिंद्रा ने अपनी इलेक्ट्रिक XUV400 की घोषणा भी की है, जो सितंबर के बाद बाजार में आ सकती है।
जानकारी
डिजाइन में ऐसी होगी eXUV400
महिंद्रा की नई eXUV400 डिजाइन के मामले में XUV300 का ही इलेक्ट्रिक रूप होगी। कंपनी ने XUV300 का इलेक्ट्रिक वेरिएंट पहली बार 2020 के ऑटो एक्सपो में दिखाया था। यह बाजार में मौजूद टाटा नेक्सन EV और MG ZS EV को टक्कर देने उतरेगी।
नई कंपनी
महिंद्रा बना रही नई EV कंपनी
बीते दिनों महिंद्रा ने ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट (BII) के साथ मिलकर नई EV कंपनी बनाने की आधिकारिक घोषणा की थी।
इसके लिए महिंद्रा को BII से पहले ही 1,925 करोड़ रुपये का निवेश मिल चुका है। इसके अलावा 2024 से 2027 के बीच इसमें कुल लगभग 8,000 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश की योजना है।
इस नई कंपनी में BII 2.75 प्रतिशत से 4.76 प्रतिशत की हिस्सेदार रहेगी।
यह नई EV कंपनी वैश्विक बाजार के लिए इलेक्ट्रिक वाहन बनाएगी।
जानकारी
देश के इलेक्ट्रिक वाहनों में टाटा है सबसे आगे
महिंद्रा ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक e20 कार 2013 में लॉन्च की थी, जो आज बिक्री में नहीं है। मौजूदा इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में महिंद्रा टाटा से पिछड़ रही है। आज टाटा की नेक्सन EV देश की सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार है।