LOADING...
महिंद्रा की SUV बिक्री में हुआ 19 फीसदी का इजाफा, जानिए कैसे रहे आंकड़े
महिंद्रा ने पिछले महीने बिक्री में बढ़त हासिल की है

महिंद्रा की SUV बिक्री में हुआ 19 फीसदी का इजाफा, जानिए कैसे रहे आंकड़े

Mar 01, 2026
03:11 pm

क्या है खबर?

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने रविवार को फरवरी के मासिक बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान सभी तरह के वाहनों की कुल बिक्री 18 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज करते हुए 97,177 रही है। कंपनी ने कहा कि घरेलू बाजार में यूटिलिटी वाहनों की बिक्री पिछले महीने 19 फीसदी बढ़कर 60,018 हो गई, जबकि फरवरी, 2025 में यह 50,420 थी। मासिक आधार पर बिक्री जनवरी की 63,510 की तुलना में 5.5 फीसदी कम रही।

निर्यात 

ऐसे रहे हैं निर्यात के आंकड़े 

पिछले महीने के दौरान कुल निर्यात में 11 फीसदी की वृद्धि हुई और यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के 3,059 के मुकाबले 3,384 तक पहुंच गया। कमर्शियल वाहनो की घरेलू बिक्री 24,585 रही, जो 10 फीसदी की वृद्धि है। ट्रैक्टर्स की बिक्री 35 फीसदी बढ़कर 32,153 हो गई, जो पिछले साल फरवरी में 23,880 थी, जबकि निर्यात में सालाना 20 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 1,980 तक पहुंच गया, वहीं कुल ट्रैक्टर बिक्री 34,133 हो गई।

कमर्शियल वाहन 

कमर्शियल वाहनों की कैसी रही बिक्री?

फरवरी में 2 टन से कम क्षमता वाले लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) की बिक्री 3,169 रही, जो पिछले वर्ष के 3,290 से 4 फीसदी कम है। 2 से 3.5 टन क्षमता वाले LCV सेगमेंट ने फरवरी में 21,416 बिक्री हासिल की है, जो पिछले वर्ष की 19,155 से 12 फीसदी अधिक है। वाहन निर्माता ने 9,190 तिपहिया वाहन बेचे, जो पिछले साल फरवरी बेचे गए 6,395 वाहनों की तुलना में 44 फीसदी की वृद्धि दर्शाते हैं।

Advertisement