लेम्बोर्गिनी ने रद्द की इलेक्ट्रिक सुपरकार लॉन्च की योजना, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
इटली की सुपरकार निर्माता लेम्बोर्गिनी ने अपने ग्राहकों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की मांग में गिरावट आने के बाद इलेक्ट्रिक सुपरकार बनाने की योजना को रद्द कर दिया है। इसके बजाय वह अब प्लग-इन हाइब्रिड कारों पर ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी ने 2023 में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट कार लैंजाडोर को पेश किया था। 2028 में इसका उत्पादन वर्जन लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन अब उसकी इसको बनाने की योजना नहीं है।
बदलाव
योजना में किया बदलाव
लेम्बोर्गिनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्टीफन विंकलमैन ने संडे टाइम्स को बताया कि EVs का विकास ब्रांड के लिए एक महंगा सौदा बन सकता है, क्योंकि उसके ग्राहकों के बीच बैटरी से चलने वाली कारों की मांग नहीं है। उन्होंने कहा कि लैंजाडोर को प्लग-इन हाइब्रिड से बदल दिया जाएगा। इसका मतलब है कि 2030 तक इसकी रेंज में केवल प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल ही शामिल होंगे और कंपनी जितना संभव हो दहन इंजन वाले वाहनों का निर्माण जारी रखेगी।
वजह
इस कारण पसंद नहीं है इलेक्ट्रिक सुपरकार
विंकेलमैन ने कहा कि स्पोर्ट्स कार के शौकीन ग्राहक इलेक्ट्रिक मॉडल में आंतरिक दहन इंजन वाले शोर की कमी महसूस करते हैं। इस कारण वे इसे पसंद नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, "जब बाजार और ग्राहक आधार तैयार नहीं हैं, ऐसे समय में इलेक्ट्रिक वाहन विकास में भारी निवेश करना एक महंगा शौक होगा।" फाॅक्सवैगन की सहायक कंपनी ऑडी के स्वामित्व वाली लेम्बोर्गिनी ने 2025 में विश्व स्तर पर रिकॉर्ड 10,747 कारें बेची हैं, जिसमें हाइब्रिड मॉडल शामिल हैं।