इसुजु ने लॉन्च किया अपडेटेड D-मैक्स V-क्रॉस पिकअप ट्रक, जानिए क्या किया बदलाव
क्या है खबर?
इसुजु ने अपडेटेड D-मैक्स V-क्रॉस पिकअप ट्रक लॉन्च किया है। इस नए मॉडल में कुछ स्टाइलिंग बदलाव करने के साथ नए फीचर्स जाेड़े गए हैं। इसके अलावा कंपनी ने इसका किफायती 4x2 इंजन विकल्प बंद कर दिया है। नई इसुजु D-मैक्स V-क्रॉस 7 रंगों- सिल्की व्हाइट पर्ल, ब्लैक माइका, रेड स्पिनेल माइका, नॉटिलस ब्लू, गैलेना ग्रे, सिल्वर मेटैलिक और स्प्लैश व्हाइट में उपलब्ध है। इसकी कीमत में भी इजाफा हो गया है और यह टोयोटा हिलक्स को टक्कर देगी।
लुक
अब ऐसा है पिकअप ट्रक का लुक
बाहरी डिजाइन में बदलाव इसके फ्रंट पैनल में किए हैं। इसमें पहले से ज्यादा आकर्षक नया बंपर शामिल है, जबकि सिल्वर रंग की नकली स्किड प्लेट हटा दी गई है, जिससे इसका लुक और भी प्रीमियम और स्पोर्टी हो गया है। ग्रिल के नीचे के हिस्से को अब काले रंग से रंगा गया है, जबकि व्हील आर्च क्लैडिंग हटा दी है और फॉग लैंप हाउसिंग बॉडी कलर में उपलब्ध है। इसमें ड्यूल-टोन डायमंड कट 18-इंच के अलॉय व्हील्स मिलते हैं।
कीमत
कितनी है इस नए पिकअप ट्रक की कीमत?
पिकअप ट्रक में वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ एक बड़ा 10.3-इंच का फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन, 360-डिग्री कैमरा और 8 स्पीकर तक वाला सराउंड साउंड सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा, इसुजू ने डोर लाइनर्स और डैशबोर्ड पर ब्राउन लेदरेट ट्रिम भी जोड़ा है। यह 1.9-लीटर डीजल इंजन (163hp/360Nm) और 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है। अब से यह केवल 4x4 वेरिएंट में ही उपलब्ध होगा। इसकी कीमत 25.5-30.28 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।