हुंडई ने हासिल की फरवरी की सबसे अच्छी बिक्री, जानिए इसकी सेल्स रिपोर्ट
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने फरवरी में अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की है। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान उसने कुल (घरेलू और निर्यात) 66,134 गाड़ियां बेची हैं। यह फरवरी, 2025 में बेची गई 58,727 की तुलना में सालाना 12.6 फीसदी की मजबूत वार्षिक वृद्धि दर्शाती है। इसमें से घरेलू बाजार में बिक्री 52,407 रही है, जो पिछले साल के इसी महीने में बिकीं 47,727 की तुलना में सालाना आधार पर 9.8 फीसदी अधिक है।
निर्यात
निर्यात में हुई 24 फीसदी से अधिक की वृद्धि
निर्यात की बात करें तो पिछले महीने दक्षिण कोरियाई कंपनी ने विदेशों में 13,727 गाड़ियां भेजी हैं, जो पिछले साल के इसी महीने की 11,000 की तुलना में 24.8 फीसदी की वार्षिक वृद्धि है। निर्यात के इस मजबूत प्रदर्शन ने हुंडई की कुल मासिक बिक्री को फरवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मासिक आधार पर (MoM) घरेलू बिक्री जनवरी की 59,107 की तुलना में 11.3 फीसदी कम है।
टिप्पणी
बिक्री बढ़ने पर कंपनी ने क्या कहा?
बिक्री परिणामों पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तरुण गर्ग ने कहा, "हमने जनवरी में अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री हासिल करके 2026 की शानदार शुरुआत की और यह गति फरवरी में भी जारी रही।" उन्होंने आगे कहा, "कुल बिक्री 66,134 के साथ इतिहास में किसी भी फरवरी की सबसे अधिक बिक्री है। इसके अलावा फरवरी की अब तक की सबसे अधिक घरेलू बिक्री भी हासिल की है।"