LOADING...
कार पर लग गए होली के जिद्दी रंग? ये हैं साफ करने के आसान तरीके
कार पर लगे रंग ज्यादा समय तक रहने से इन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है

कार पर लग गए होली के जिद्दी रंग? ये हैं साफ करने के आसान तरीके

Mar 03, 2026
04:15 pm

क्या है खबर?

होली खेलने के दौरान लापरवाही रंग में भंग डाल सकती है। इस दौरान आपकी कार रंगों के लपेटे में आ सकती है। गुलाल, रंगीन पानी और तेल वाले रंग भी पेंट और प्लास्टिक के हिस्सों पर चिपक जाते हैं। केमिकल वाले रंग पेंट की चमक कम कर देते हैं और जंग की समस्या पैदा कर सकते हैं। लंबे समय तक अनदेखी से इन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है। आइये जानते हैं कैसे कार पर लगे रंगों को हटा सकते हैं।

तत्परता 

देरी पड़ सकती है भारी 

होली के रंग जितनी देर तक आपकी गाड़ी की बॉडी पर लगे रहेंगे, उन्हें हटाना उतना ही मुश्किल हो जाएगा। सूखी गुलाल पेंट में जम सकते हैं और पानी वाला रंग छोटी दरारों और छेदों में घुस सकते हैं। जैसे ही कोई दाग दिखे, सफाई शुरू करना सही रहता है। इससे लंबे समय तक होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है और दाग हटाना आसान हो जाता है। आप जितना ज्यादा समय लेंगे, इन्हें हटाना उतना ही मुश्किल होगा।

सफाई 

ऐसे करें सफाई की शुरुआत 

कार पर लगे रंगों को साफ करने के लिए सादे पानी से शुरुआत करें। अच्छी तरह से पानी से धोने से काफी दाग-धब्बे साफ हो सकते हैं। आप धुलाई के लिए प्रेशर पाइप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे दरारों में जमा रंग साफ हो जाता है। तेज क्लीनर का इस्तेमाल न करें। कई लोगों को लगता है कि इससे दाग आसानी से साफ हो जाएंगे, जबकि कठोर डिटर्जेंट पेंट को नुकसान पहुंचाकर उसकी चमक कम कर सकते हैं।

Advertisement

चमक 

ऐसे वापस आएगी चमक

रंगों को साफ करने के लिए हल्के शैम्पू का इस्तेमाल कर सकते हैं। सफाई करते समय मुलायम कपड़े या स्पंज का इस्तेमाल करें। इसे हल्के हाथों से रगड़ना सही रहता है, जोर लगाने पर पेंट पर खरोंच लग सकती है, जो रंग के दागों से कहीं ज्यादा नजर आते हैं। कई दाग एक बार धोने से नहीं निकलेंगे। थोड़ा समय बाद धुलाई करने पर रंग निकल जाते हैं। इसके बाद वैक्स या पॉलिश लगाने से चमक वापस आ जाती है।

Advertisement

उपाय 

इन देशी तरीकों का करें इस्तेमाल

अगर रंग गहरा है और आसानी से नहीं निकल रहा तो बेकिंग सोडा काम आ सकता है। इसमें थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं और दाग वाली जगह पर 15-20 मिनट लगाकर छोड़ दें। फिर मुलायम कपड़े से हल्का रगड़ें और पानी से धो लें। विनेगर और बराबर मात्रा में पानी का स्प्रे कर कुछ मिनट बाद साफ कर दें। जरूरत हो तो रबिंग अल्कोहल या नॉन जेल टूथपेस्ट भी हल्के दाग पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

क्लीनर 

क्लीनर का उपयोग है फायदेमंद

बाजार में ऐसे कई क्लीनर मिलते हैं, जो खासतौर पर गाड़ियों से दाग हटाने के लिए बनाए जाते हैं। इन्हें इस्तेमाल करने से पहले निर्देश ध्यान से पढ़ें और सुनिश्चित करें कि ये आपकी गाड़ी के पेंट के लिए सुरक्षित हैं। कार के शीशों और हेडलाइट पर रंग लगने पर सफाई के लिए ग्लास क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। कभी भी पेट्रोल या केरोसिन का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे पेंट की चमक खत्म हो सकती है।

Advertisement