होली के रंगों से कार को नहीं होगा नुकसान, बस कर लें ये जरूरी काम
क्या है खबर?
रंगों के पर्व होली पर अक्सर लोग उत्साह और उमंग के बीच अपनी कार को लेकर कुछ लापरवाही कर बैठते हैं, जिसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। चमकीले पाउडर और पानी आधारित रंगों के इस्तेमाल में असावधानी बरती जाए तो ये आपकी कार के बाहरी हिस्से पर स्थायी दाग छोड़ सकते हैं। इससे आपकी गाड़ी का पेंट भद्दा नजर आने लगता है। आइये जानते हैं कुछ उपाय, जो गाड़ी को रंगों से सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।
नुकसान
पेंट पर क्या होता है रंगों का असर?
सिंथेटिक रंगों में रसायन, धातु ऑक्साइड होते हैं, जो कार के पेंट के साथ प्रतिक्रिया कर सकते हैं। खासकर जब उन्हें लंबे समय तक धूप में छोड़ दिया जाए। इन रंगों के साथ नमी मिलकर धातु के पैनल्स पर जंग लगने की प्रक्रिया को तेज कर देती है और पेंट की सुरक्षा करने वाली पारदर्शी परत को हटा देती है। पर्यावरण के अनुकूल या प्राकृतिक रंग भी दरारों में फंस सकते हैं, जिससे सफाई करना मुश्किल हो जाता है।
एक्सटीरियर
बाहरी हिस्से को रंग लगने से ऐसे बचाएं
कार को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका होली से पहले ही शुरू हो जाता है। गाड़ी पर वैक्स या पेंट सीलेंट लगाने से एक सुरक्षात्मक परत बन जाती है, जिससे रंग आसानी से धुल जाते हैं। अगर, संभव हो तो कार कवर का इस्तेमाल करें या इस दौरान किसी ढके हुए स्थान पर पार्क करें। इसके अलावा दरवाजे के हैंडल, शीशे और बंपर पर सिलिकॉन-आधारित पॉलिश की पतली परत स्प्रे करने से भी रंग आसानी से पकड़ नहीं करते।
इंटीरियर
केबिन में रंग जाने से ऐसे रोकें
होली के दौरान कार की सभी खिड़कियां, दरवाजे, सनरूफ और बूट पूरी तरह बंद रखें। रबर सील्स चेक कर लें। टूटी या ढीली हैं तो तुरंत ठीक करवाएं। रंग वाला पानी केबिन में अंदर घुसने से सीटें, कार्पेट और इलेक्ट्रॉनिक्स खराब हो सकते हैं। अगर, कार चलानी पड़े तो AC रीसर्कुलेट मोड पर रखें, जिससे वातावरण में मौजूद रंग अंदर नहीं आएगा। डोर हैंडल पर प्लास्टिक रैप लपेट सकते हैं, ताकि हाथों से रंग न लगे।