होंडा WR-V को लैटिन NCAP क्रैश टेस्ट में मिली एक स्टार रेटिंग, जानें वजह
क्या है खबर?
होंडा भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी कारों की बिक्री करने में पहले ही काफी पीछे है। ऐसे में कंपनी की SUV WR-V का क्रैश टेस्ट में खराब प्रदर्शन इसके लिये एक झटका साबित हो सकता है।
मांग में कमी के चलते कंपनी को पहले ही ग्रेटर नोएडा स्थित अपना प्लांट भी बंद करना पड़ा था।
WR-V को इसके लॉन्च के समय इलेक्ट्रॉनिक सनरूफ के साथ आने वाली देश की सबसे सस्ती कार के रूप में जाना गया था।
दर्जा
WR-V साबित हुई बेहद असुरक्षित कार
होंडा WR-V इस वक्त दुनियाभर में अपनी सेफ्टी रेटिंग की वजह से चर्चा का विषय बन गई है। इस कार ने हाल ही में हुए लैटिन NCAP के क्रैश टेस्ट में सिर्फ एक स्टार हासिल किया है।
इसे यात्रियों के लिये 'बेहद असुरक्षित' श्रेणी में रखा गया है। हैरानी की बात है कि होंडा जैज, जिस पर WR-V आधारित है, वह ग्लोबल NCAP द्वारा किये गए परीक्षण में चार स्टार हासिल करने में कामयाब रही थी।
टेस्टिंग
इन टेस्ट सेंगमेंट में किया संतोषजनक प्रदर्शन
इस असमानता का मुख्य कारण, भारत के लिए बनी होंडा जैज और लैटिन अमेरिकी बाजार के लिए बनी WR-V के चेसिस और क्रंपल जोन में एक बड़ा अंतर होना बताया जा रहा है।
लैटिन NCAP क्रैश टेस्टिंग में WR-V पर 64 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फ्रंट ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट किया गया था।
इसने ऊपरी और निचले प्रभाव परीक्षणों में पूर्ण अंक प्राप्त किये। सेफ्टी असिस्ट सिस्टम के मामले में यह 49 फीसदी अंक हासिल कर पाई।
जरूरत
हुडई टक्सन में भी सामने आई थी ऐसी असमानता
हाल ही में यूरो NCAP में हुंडई टक्सन ने 5-स्टार अंक हासिल किये थे, लेकिन लैटिन NCAP द्वारा किये गए क्रैश टेस्ट में इसने 0-स्टार अंक हासिल किये।
अलग-अलग बाजारों में पेश किए जाने वाले समान मॉडल में इस तरह की असमानता को देखते हुए क्रैश टेस्टिंग को प्रत्येक देश में अनिवार्य किये जाने की जरूरत है।
इस तरह के क्रैश टेस्ट लोगों को जागरुक करेंगे। भारत सरकार ने भारत NCAP क्रैश टेस्ट अनिवार्य करने में रुचि दिखाई है।
जानकारी
भारत से जल्द बंद हो सकती है WR-V
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने अपनी इस सब चार मीटर SUV WR-V का उत्पादन बहुत कम कर दिया है। चर्चा है कि होंडा ने यह कदम इसे आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से बंद करने की योजना के तहत उठाया है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
होंडा ने जुलाई में अमेरिकी बाजार में अपनी मौजूदा CR-V की नई छठी जनरेशन पेश की थी। कंपनी इस SUV को एक बिल्कुल नए इंटीरियर और एक्सटीरियर डिजाइन में लेकर आई थी।
बाजार में कयास लगाए जा रहे हैं कि होंडा WR-V की जगह अपनी इसी नई SUV को लेकर आएगी। यह एक दमदार हाइब्रिड इंजन विकल्प में भी उपलब्ध होगी।
दरअसल, इसे भारत में लॉन्च करने की मुख्य वजह यहां SUVs की धड़ल्ले से बिक्री होना भी है।