Page Loader
होंडा ने बेचे एक करोड़ शाइन, 125cc सेगमेंट में ऐसा करने वाली बनी पहली बाइक
होंडा शाइन ने किया एक करोड़ बिक्री का आंकड़ा पार

होंडा ने बेचे एक करोड़ शाइन, 125cc सेगमेंट में ऐसा करने वाली बनी पहली बाइक

Jan 19, 2022
11:30 am

क्या है खबर?

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारत में अपनी शाइन मोटरसाइकिल की एक करोड़ यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात है कि इतनी बिक्री के साथ 125cc सेगमेंट में ऐसा करने वाली होंडा शाइन भारत की पहली मोटरसाइकिल भी बन गई है। ऑटोमेकर का दावा है कि होंडा शाइन देश में 50 प्रतिशत से अधिक की बाजार हिस्सेदारी रखती है। तो चलिए जानते हैं इसके फीचर्स के बारे में जो इसे इतना खास बनाते हैं।

जानकारी

2006 में आई थी होंडा शाइन

होंडा शाइन को पहली बार 2006 में लॉन्च किया गया था और लॉन्च होने के दो साल बाद ही भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली 125cc मोटरसाइकिल बन गई थी। इतना ही नहीं, 2017 में होंडा शाइन 50 लाख यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा पार करने वाली पहली 125cc मोटरसाइकिल भी बनी थी। वहीं, 2018 तक इसने 70 लाख यूनिट्स की बिक्री पूरी कर ली थी। 2020 तक होंडा शाइन 90 लाख से अधिक की बिक्री कर चुकी थी।

डिजाइन

2019 में मिला था शाइन को नया रूप

2019 में होंडा SP 125 शाइन को होंडा CB शाइन 125 के रूप में लाया गया, जिसमें इसके आकार और रूप में थोड़े बदलाव किए गए थे। अगर इस बाइक के डायमेंशन की बात की जाए तो इसकी लंबाई 2,046mm , चौड़ाई 737mm और ऊंचाई 1,116mm है। इसका व्हील बेस 1,285mm का है जो कि इसे 162mm का ग्राउंड क्लीयरेंस देते हैं। बाइक के डिस्क ब्रेक वेरिएंट का वजन 115 किलोग्राम और ड्रम ब्रेक वेरिएंट का वजन 114 किलोग्राम है।

इंजन

100 किलोमीटर की स्पीड हासिल कर सकती है शाइन

होंडा शाइन में 125cc का शानदार इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,500rpm पर 10.72hp की पावर और 6,000 rpm पर 10.9Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। बाइक को 5-स्पीड गियर बॉक्स की सुविधा से लैस किया गया है। साथ ही 10.5 लीटर की कैपेसिटी वाला मीडियम आकार का फ्यूल टैंक दिया गया है। दूसरी तरफ होंडा शाइन लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की अधिकतम रफ्तार हासिल करने में सक्षम है।

जानकारी

इस कीमत पर आती है होंडा शाइन

होंडा शाइन के ड्रम बैक वेरिएंट की कीमत 74,442 रुपये (एक्स-शोरूम) कीमत पर आती है, वहीं इसके डिस्क ब्रेक मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 78 ,842 रुपये हैं। भारत में इसका मुकाबला हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो ग्लैमर BS6 और बजाज प्लसर 125 मोटरसाइकिलों से होता है।