Page Loader
नई होंडा CL300 बाइक से उठा पर्दा, नियो-रेट्रो लुक के साथ इसी साल होगी लॉन्च
होंडा CL300 बाइक हुई पेश (तस्वीर: Twiter@malangraya)

नई होंडा CL300 बाइक से उठा पर्दा, नियो-रेट्रो लुक के साथ इसी साल होगी लॉन्च

लेखन अविनाश
Jan 07, 2023
07:30 pm

क्या है खबर?

दिग्गज बाइक निर्माता कंपनी होंडा ने वैश्विक बाजारों के लिए अपनी सबसे छोटी नियो-रेट्रो स्क्रैम्बलर बाइक होंडा CL300 से पर्दा उठा दिया है। यह बाइक काफी हद तक रिबेल 300 जैसी लगती है। बता दें कि यह बाइक 1960 और 1970 के दशक में लॉन्च हुई स्टैंडर्ड CL मॉडल पर आधारित है। CL300 में 286cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। कंपनी इसे इसी साल भारतीय बाजार में उतारने वाली है। आइये इस बाइक के बारे में जानते हैं।

डिजाइन

कैसा है होंडा CL300 का लुक?

डिजाइन की बात करें तो नई होंडा CL300 को नियो-रेट्रो लुक मिला है। इसमें एक मस्कुलर 12-लीटर का फ्यूल टैंक, डे टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) के साथ एक गोल LED हेडलाइट, एक चौड़ा हैंडलबार, सिंगल-पीस स्टेप-अप सीट, डुअल साइड-माउंटेड एग्जॉस्ट सिस्टम और एक स्मूथ LED टेललाइट दिए गए हैं। इस स्क्रैम्बलर बाइक में एक गोल LCD डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया गया है। आगे की तरफ इसमें 19-इंच और पीछे 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।

इंजन

286cc इंजन से लैस है होंडा CL300

नई होंडा CL300 में 286cc का लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, फोर-स्ट्रोक, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 25hp की अधिकतम पावर और 27.4Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को स्लिपर और असिस्ट क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, बाइक का वजन लगभग 150 किलोग्राम है और इसमें 11-लीटर का फ्यूल टैंक भी मिलेगा। यह बाइक एक लीटर पेट्रोल में लगभग 28 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

फीचेर्स

होंडा CL300 में दिए गए हैं ये फीचर्स

चालक की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए होंडा CL300 के आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। साथ ही इसमें कंबाइन ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) और एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) भी दिया गया है। कंपनी ने इसमें कई राइडिंग एड्स भी जोड़ा है। मोटरसाइकिल के सस्पेंशन को आरामदायक बनाने के लिए इसके आगे वाले पहिए पर 41mm का टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ एक प्री-लोड एडजस्टेबल मोनो-शॉक यूनिट दिया गया है।

जानकारी

क्या होगी होंडा CL300 की कीमत?

भारतीय बाजार में होंडा CL300 बाइक की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे दो लाख से तीन लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जा सकता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

होंडा ने इटली के मिलान मोटरसाइकिल शो (2022 EICMA) में अपनी 2023 CL500 बाइक को पेश किया था। इस बाइक को भी रेट्रो लुक मिला है। इसमें 471cc का लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, फोर-स्ट्रोक, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 46hp की अधिकतम पावर और 43.4Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। कंपनी इस बाइक को भी इसी साल लॉन्च करने वाली है। इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये के आस-पास होगी।