नई होंडा CL500 को मिला नियो-रेट्रो लुक, पावरफुल इंजन के साथ देगी दस्तक
क्या है खबर?
जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने इटली के मिलान मोटरसाइकिल शो (2022 EICMA) में अपनी 2023 CL500 बाइक को पेश कर दिया है।
यह बाइक रिबेल 500 (CMX500) मॉडल पर आधारित है और CL500 का लुक 1960 और 1970 में लॉन्च हुई स्टैंडर्ड CLs बाइक्स के समान है।
इसमें 471cc का लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन मिलेगा। इसे अगले साल लॉन्च किया जा सकता है।
आइये इस बाइक के बारे में जानते हैं।
इंजन
पावरफुल 471cc इंजन के साथ आएगी CL500
नई होंडा CL500 में 471cc का लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, फोर-स्ट्रोक, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 46hp की अधिकतम पावर और 43.4Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को स्लिपर और असिस्ट क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, बाइक का वजन लगभग 168 किलोग्राम है और इसमें 11-लीटर का फ्यूल टैंक भी मिलेगा। यह बाइक एक लीटर पेट्रोल में लगभग 22 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
डिजाइन
कैसा है नई होंडा CL500 का लुक?
डिजाइन की बात करें तो नई होंडा CL500 को नियो-रेट्रो लुक मिला है। इसमें एक मस्कुलर 12-लीटर का फ्यूल टैंक, डे टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) के साथ एक गोल LED हेडलाइट, एक चौड़ा हैंडलबार, सिंगल-पीस स्टेप-अप सीट, डुअल साइड-माउंटेड एग्जॉस्ट सिस्टम और एक स्मूथ LED टेललाइट दिए गए हैं।
इस स्क्रैम्बलर बाइक में एक गोल LCD डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया गया है।
आगे की तरफ इसमें 19-इंच और पीछे 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
फीचर्स
बाइक में दिए गए हैं ये फीचर्स
चालक की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए होंडा CL500 के आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए जा सकते हैं।
साथ ही इसमें कंबाइन ब्रेकिंग सिस्टम और एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) भी दिया जाएगा। कंपनी इसमें कई राइडिंग एड्स भी शामिल कर सकती है।
मोटरसाइकिल सस्पेंशन को आरामदायक बनाने के लिए इसके आगे वाले पहिए पर 41mm का टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ एक प्री-लोड एडजस्टेबले मोनो-शॉक यूनिट दिया जाएगा।
जानकारी
क्या होगी होंडा CL500 की कीमत?
भारतीय बाजार में बाइक की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे दो लाख से तीन लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जायेगा।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
भारतीय बाजार में दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए होंडा जल्द ही 300cc सेगमेंट में कदम रखने वाली है। इसके लिए कंपनी ने स्क्रैम्ब्लर नाम को भी रजिस्टर करवा लिया है।
फिलहाल इसे CL300 कोडनेम दिया गया है। हाल ही में इसे भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। कंपनी इसे रेट्रो लुक के साथ अगले साल अगस्त में पेश कर सकती है। इसमें 286cc का लिक्विड कूल इंजन मिलेगा।