Page Loader
#NewsBytesExplainer: होंडा एक्टिवा की देश में बिक चुकी हैं 3 करोड़ यूनिट्स, जानिए इसकी कहानी  
होंडा एक्टिवा का सफर (तस्वीर: ट्विटर@AmoghaSree)

#NewsBytesExplainer: होंडा एक्टिवा की देश में बिक चुकी हैं 3 करोड़ यूनिट्स, जानिए इसकी कहानी  

लेखन अविनाश
Jun 30, 2023
09:53 am

क्या है खबर?

होंडा एक दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी है और इसका एक्टिवा स्कूटर देश में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर है। इस स्कूटर को 22 साल पहले लॉन्च किया गया था और अब तक देश में एक्टिवा की 3 करोड़ यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। देश में होंडा की सफलता में इस दोपहिया वाहन का अहम योगदान है। आइये जानते हैं भारत में इस स्कूटर का सफर कैसा रहा है और इसे कब-कब अपडेट किया गया।

लॉन्च

2001 में लॉन्च हुआ था होंडा एक्टिवा 

होंडा ने अपने एक्टिवा स्कूटर के पहले जनरेशन मॉडल को साल 2001 में लॉन्च किया था और इसमें 102cc का इंजन दिया गया था। कंपनी ने इसमें CVT गियरबॉक्स लगाया था और यह लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चल सकता था। उस वक्त इसकी कीमत 48,000 रुपये रखी गई। उस समय यह बजाज के पुराने चेतक स्कूटर को टक्कर देता था, जिसकी कीमत करीब 37,000 रुपये थी। बेहतर परफॉरमेंस के कारण लोग एक्टिवा खरीदने लगे।

अपडेट

कब-कब अपडेट हुआ यह स्कूटर?

लॉन्च होने के बाद 2009 में इस स्कूटर को पहला अपडेट मिला और इसमें कॉम्बी-ब्रेक सिस्टम जोड़ा गया। अपडेट होने के बाद यह स्कूटर और तेजी से बिकने लगा। 2015 में कंपनी ने इस स्कूटर की तीसरे जनरेशन मॉडल को लॉन्च किया। इसमें स्कूटर के लुक को अपडेट किया गया था। बाद में 2017 में कंपनी ने इसका चौथी जनरेशन मॉडल उतारा। वहीं 2020 में एक्टिवा की पांचवी जनरेशन और 2022 में छठी जनरेशन का मॉडल लॉन्च हुआ।

बिक्री

22 साल में बिकी इसकी 3 करोड़ यूनिट 

होंडा के एक्टिवा स्कूटर ने 22 साल में 3 करोड़ यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। 2001 में लॉन्च हुए एक्टिवा की 55,000 यूनिट्स बिक्री में 1 साल का समय लगा। इसके बाद स्कूटर ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अगली 10 लाख यूनिट्स महज 3 साल में बिक गईं। कंपनी को इसकी पहली एक करोड़ यूनिट बेचने में 15 साल लगे, जबकि बाद की 2 करोड़ यूनिट महज 7 साल में बिक गईं।

सफलता

भारत में क्यों सफल हुआ होंडा एक्टिवा स्कूटर? 

भारत में शुरू से ही होंडा एक्टिवा स्कूटर को पसंद किया जाता आ रहा है। कम कीमत, अधिक माइलेज, कम मेंटनेस और बेहतर प्रदर्शन के कारण लोग इसे खरीदते हैं। यही वजह है कि देश में इसकी बिक्री सबसे अधिक है। 2003-04 में यह अपने सेगमेंट में शीर्ष पर पहुंच गया था। कंपनी हर महीने इस स्कूटर की लगभग 1.2 लाख से 2.5 लाख यूनिट्स बेचती है। किफायती होने के कारण यह आम आदमी के बजट में फिट बैठता है।

इलेक्ट्रिक

इलेक्ट्रिक वेरिएंट में जल्द दस्तक देगा यह स्कूटर

दोपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटर कंपनी भारत में एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने वाली है। यह देश में उपलब्ध कंपनी के एक्टिवा मॉडल का इलेक्ट्रिक वेरिएंट हो सकता है। कंपनी ने इस स्कूटर के डिजाइन के लिए पेटेंट भी फाइल कर दिया है। यह स्कूटर सिंगल चार्ज में 80 से 120 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगा। साथ ही यह 90 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चलेगा।

लुक

कैसा है होंडा एक्टिवा का लुक? 

होंडा एक्टिवा को अंडरबोन फ्रेम पर बनाया गया है और इसमें इंडिकेटर-माउंटेड फ्रंट एप्रन, फ्लैट-टाइप सीट, सिल्वर ग्रैब रेल और अंडर-सीट स्टोरेज कम्पार्टमेंट दिया गया है। इसमें एक सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एक LED हेडलाइट, आगे 12-इंच और पीछे 10-इंच के मिक्स्ड मेटल के अलॉय व्हील दिए गए हैं। होंडा के इस स्कूटर का वजन 111 किलोग्राम है और इसकी फ्यूल कैपेसिटी 5.3-लीटर है। बता दें कि यह भारत में बिकने वाला सबसे लोकप्रिय स्कूटर है।

इंजन

2 इंजनों के विकल्प में आता है यह स्कूटर 

होंडा एक्टिवा स्मार्ट में BS6 मानकों को पूरा करने वाला 110cc का एयर-कूल्ड इंजन दिया जा सकता है, जो 6,500rpm पर 6.7hp की पावर और 5,00rpm पर 8.8Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन को सरल बनाने के लिए इंजन को एक CVT गियरबॉक्स से जोड़ा जा सकता है। साथ ही यह स्कूटर अधिक पावरफुल 125cc इंजन के साथ भी आता है, जो लगभग 9hp का पावर जनरेट करने में सक्षम है।

फीचर्स

इन फीचर्स से लैस है होंडा एक्टिवा

राइडर की सुरक्षा और लेटेस्ट स्कूटर होंडा एक्टिवा स्मार्ट सड़कों पर बेहतर संचालन प्रदान करने के लिए इसमें कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) के साथ, आगे के पहिये पर डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक दिया गया है। स्कूटर के सस्पेंशन का ध्यान रखते हुए आगे की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर एंड पर 3-स्टेप एडजस्टेबल स्प्रिंग-लोडेड हाइड्रोलिक यूनिट मिलती है। यह स्कूटर बेहद आरामदायक है और भारतीय सड़कों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए जाना जाता है।

जानकारी

क्या है इस स्कूटर की कीमत? 

भारतीय बाजार में होंडा एक्टिवा को कीमत 75,347 रुपये से शुरू है। वहीं इसके H-स्मार्ट वेरिएंट को 81,348 रुपये (सभी कीमतें एक्स-शोरूम दिल्ली) देकर खरीदा जा सकता है। यह स्कूटर TVS जुपिटर को टक्कर देता है।