जनरल मोटर्स ने की करीब 600 कर्मचारियों की छंटनी, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
वाहन निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स (GM) ने अपने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (IT) विभाग के 10 फीसदी से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की है। नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की संख्या लगभग 600 बताई जा रही है। यह एक सोची-समझी रणनीति है, जिसके तहत उन कर्मचारियों को हटाया जा रहा है, जिनकी विशेषज्ञता अब उपयुक्त नहीं है। उनकी जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक में पारंगत लोगों को शामिल किया जा रहा है।
वजह
कंपनी ने बताई छंटनी की यह वजह
ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल के जरिए जारी एक बयान में ऑटोमोबाइल कंपनी ने छंटनी को भविष्य के लिए तैयारी का एक तरीका बताया, हालांकि उसने इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। कंपनी ने कहा, "GM अपने IT विभाग में बदलाव कर रही है, ताकि भविष्य के लिए कंपनी को बेहतर स्थिति में लाया जा सके।" पिछले 18 महीनों में उसने कई विभागों में उच्च-स्तरीय कर्मचारियों की छंटनी की है।
भर्ती
छंटनी के साथ हो रही भर्ती
टेकक्रंच ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह छंटनी पूरी तरह से स्थायी नहीं है, क्योंकि कंपनी अभी भी अपने IT विभाग में विभिन्न पदों के लिए भर्ती कर रही है, लेकिन अलग-अलग कौशल वाले उम्मीदवारों की आवश्यकता है। GM ऐसे लोगों की तलाश कर रही है, जो AI को शुरू से विकसित करना जानते हों, जिसमें सिस्टम डिजाइन करना, मॉडल को प्रशिक्षित करना और पाइपलाइन को इंजीनियर करना शामिल है।