फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक कार लूसे निवेशकों को नहीं आई रास, शेयरो में गिरावट
फेरारी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार लूसे को पेश किया है। इसके बाद उसके शेयरों में 8.37 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। लूसे की कीमत 6.40 लाख डॉलर (करीब 5.9 करोड़ रुपये) है और इसका डिजाइन बेहद साधारण और सेडान जैसा है।
इसे ऐपल के पूर्व डिजाइन प्रमुख जॉनी इवे ने तैयार किया है, जो फेरारी की पारंपरिक स्पोर्ट्स कारों से काफी हटकर दिखता है।
लोगों की राय इस नए लुक पर बंटी हुई है। कई प्रशंसक मानते हैं कि इसमें फेरारी का वो पुराना आकर्षण नहीं है, जिसके लिए कंपनी जानी जाती है।
लूसे कंपनी की पहली 5-सीटर कार
लूसे फेरारी की पहली 5-सीटर कार है, जिसका मकसद स्पीड के शौकीनों के बजाय बेहद अमीर परिवारों को अपनी ओर खींचना है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बेनेडेटो विग्ना ने इसे पूरी तरह से नई फेरारी बताया है।
उनका यह बयान फेरारी के इनोवेशन और इलेक्ट्रिक मॉडल पर बढ़ते जोर को दिखाता है। कंपनी का लक्ष्य है कि 2030 तक उसकी कारों में 40 फीसदी पेट्रोल, 40 फीसदी हाइब्रिड और 20 फीसदी इलेक्ट्रिक मॉडल शामिल हों। इससे साफ है कि आने वाले वक्त में कंपनी के पोर्टफोलियो में कई और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।