फेरारी भारत में ले रही कम कीमत में गाड़ियों की बुकिंग, जानिए कितनी होगी सस्ती
क्या है खबर?
भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लागू होने से पहले इतालवी लग्जरी सुपरकार निर्माता फेरारी ने अपनी कारों की कीमतों में 30 फीसदी की कटौती के साथ बुकिंग शुरू कर दी है। फिलहाल, यह छूट केवल पेट्रोल से चलने वाली फेरारी कारों पर ही उपलब्ध है। इसका फायदा FTA लागू होने के बाद डिलीवरी पाने वाले ग्राहकों को ही मिलेगा। इससे पहले डिलीवरी लेने वाले ग्राहकों पर मौजूदा आयात शुल्क लागू होगा।
कटौती
कितनी होगी कारों की कीमत में कटौती?
आयात शुल्क में कमी के चलते फेरारी अपनी पेट्रोल कारों पर लगभग 30 फीसदी की छूट दे रही है। फेरारी पुरोसांग की कीमत 10.50 करोड़ से घटकर लगभग 7.35 करोड़ रुपये हो सकती है। 12 सिलिंड्री स्पाइडर 9.15 करोड़ की जगह 6.40 करोड़ रुपये और 12 सिलिंड्री कूपे 8.5 करोड़ की जगह 5.95 करोड़ रुपये में खरीदी जा सकेगी। कंपनी आगामी अमाल्फी के लिए भी बुकिंग ले रही है। इसकी कीमत लगभग 3.91 करोड़ रुपये (कीमतें एक्स-शोरूम) हो सकती है।
आयात शुल्क
कितना आयात शुल्क होगा लागू?
मौजूदा टैक्स व्यवस्था के अनुसार, कंपलीट बिल्ट यूनिट (CBU) वाली गाड़ियों पर लगभग 100-110 फीसदी आयात शुल्क लगता है। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता लागू होने पर आयात शुल्क शुरू में घटकर लगभग 30-40 फीसदी हो जाएगा। यह 15,000 यूरो (लगभग 16.83 लाख रुपये) से अधिक कीमत वाली कारों पर लागू होगा। आने वाले सालों में आयात शुल्क और घटकर मात्र 10 फीसदी रह जाएगा। इसी का फायदा उठाने के लिए फेरारी ने कीमतों में कटौती की है।