
जून में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में इजाफा, टाटा ने फिर मारी बाजी
क्या है खबर?
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री रफ्तार पकड़ने लगी है।
टाटा मोटर्स देश में इलेक्ट्रिक कारों पर जोर देने में सबसे आगे है। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में टाटा 70 फीसद हिस्सा रखती है।
टाटा ने जून में हुई अपनी EVs की सेल्स रिपोर्ट जारी कर दी है। जून में कंपनी ने इलेक्ट्रिक कारों की सबसे अधिक बिक्री कर फिर से रिकॉर्ड बना दिया है।
टाटा EV सेल्स
टाटा ने जून में बनाया रिकॉर्ड
टाटा ने जून, 2022 महीने में कुल 45,197 यूनिट वाहनों की बिक्री की है। इसमें 3,507 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री शामिल है।
टाटा को इन EVs की बिक्री में 433 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। जून, 2021 में इनकी सिर्फ 658 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।
जून, 2022 में हुई EVs की बिक्री का यह आंकड़ा अब तक का सर्वश्रेष्ठ है। अभी तक टाटा या किसी अन्य कार निर्माता ने भारत में इतनी इलेक्ट्रिक कारें नहीं बेची हैं।
कीमत
टाटा की इलेक्ट्रिक कारों की कीमतें
टाटा नेक्सन के बेस XM वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 14.79 लाख रुपये और टॉप वेरिएंट XZ प्लस लक्स की कीमत 17.20 लाख रुपये है।
टाटा टिगोर के शुरूआती XE वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 12.49 लाख रुपये और टॉप वेरिएंट XZ प्लस DT की कीमत 13.64 लाख रुपये है।
नेक्सन EV मैक्स की कीमत 17.74 लाख रुपये एक्स शोरूम से 19.24 लाख रुपये तक है। कंपनी इसके दो वेरिएंट 'XZ+' और 'XZ+ लक्स' की बिक्री करती है।
MG ZS EV
जून में कैसी रही MG की ZS EV की बिक्री?
टाटा के बाद इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में दूसरे नंबर पर है MG मोटर्स।
जून, 2022 में MG ने अपनी ZS EV की 250 यूनिट्स की बिक्री की है, जो पिछले साल जून की तुलना में 145 प्रतिशत अधिक है। जून, 2021 में इसकी 102 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।
MG ने इस साल की शुरूआत में ही ZS EV का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया था, जिसकी शुरूआती कीमत अब 21.99 लाख रुपए एक्स शोरूम है।
कोना इलेक्ट्रिक
कैसी रही हुंडई की इलेक्ट्रिक कार की बिक्री?
इनके बाद देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में तीसरे नंबर पर है दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी हुंडई मोटर।
हुंडई यहां इलेक्ट्रिक कारों में सिर्फ कार 'कोना इलेक्ट्रिक' की बिक्री करती है। कंपनी ने जून में कुल सात यूनिट्स की बिक्री की है।
इस इलेक्ट्रिक कार की देश में शुरूआती एक्स शोरूम कीमत 23.84 लाख रुपए है।
हुंडई देश में इसी साल एक और नई इलेक्ट्रिक कार अयोनिक-5 लेकर आने वाली है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
टाटा मोटर्स इस साल अबतक के शुरूआती छह महीनों में 18,378 यूनिट चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन बेच चुकी है। मई, 2022 में भी टाटा ने 3,454 यूनिट EVs की बिक्री का रिकॉर्ड बनाया था।