महाराष्ट्र में नए पोर्टल से ई-चालान का भुगतान हुआ आसान
महाराष्ट्र में वाहन चालकों के लिए अब ई-चालान का भुगतान करना आसान हो गया है। परिवहन विभाग ने एक नया वेब पोर्टल शुरू किया है।
इस पोर्टल ने उन सभी पुरानी दिक्कतों को दूर कर दिया है, जहां भुगतान 'पेंडिंग' या 'पार्शियली प्रोसेस्ड' दिखा रहा था। अब वाहन चालकों को अपने पैसे अटकने या कहीं खो जाने की चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सुधार से अब मिलेगी तुरंत रसीद और अपडेट
इस नए सुधार से सिस्टम की पुरानी बैकएंड से जुड़ी समस्याएं खत्म हो गई हैं। अब चालान का स्टेटस तुरंत अपडेट हो जाता है और भुगतान होते ही रसीद भी मिल जाती है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यह माइग्रेशन वाहन मालिकों के लिए बिना किसी रुकावट के भुगतान प्रक्रिया, ऑटाेमैटिक स्टेटस अपडेट और रसीद जारी होना सुनिश्चित करेगा।"
अगर, आपको कोई ट्रैफिक जुर्माना भरना है तो नए पोर्टल का उपयोग करें और भुगतान के बाद अपना स्टेटस एक बार जरूर जांच लें।
इस कदम से पूरे राज्य में पहले से लंबित भुगतान संबंधी सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी, जिससे सभी के लिए काम करना बहुत आसान हो जाएगा।