बजट 2026: ऑटो सेक्टर को निराशा लगी हाथ, नहीं हुई कोई बड़ी घोषणा
क्या है खबर?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी) को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश कर दिया है। इसमें ऑटोमोबाइल क्षेत्र को लेकर जो उम्मीदें थी, वो पूरी नहीं हो सकी हैं। इस बार ऑटो उद्योग को इलेक्ट्रिक वाहन (EV), रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर टैक्स में छूट, वाहनों पर लगने वाले टैक्स में कटौती जैसी घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन निराशा हाथ लगी है। इसके बावजूद कुछ घोषणाएं ऐसी हैं, जो इस क्षेत्र पर असर डाल सकती हैं।
बैटरी
बैटरी सस्ती होने से EVs पर पड़ेगा असर
केंद्रीय बजट में बैटरी में उपयोग किए जाने वाले लिथियम आयन सेल के निर्माण में प्रयुक्त वस्तुओं पर मूल सीमा शुल्क छूट लागू रहेगी। इससे बैटरियां सस्ती हो जाएंगी। इलेक्ट्रिक वाहनों में सबसे महंगी बैटरी ही होती है। इसका मतलब है कि इस घोषणा का सीधा असर EVs की कीमत पर पड़ेगा। साथ ही CNG को सस्ता करने की घोषणा की गई है। इससे वाहन चलाना सस्ता हो जाएगा और CNG कारों और तिपहिया वाहनों को बढ़ावा मिलेगा।
सेमीकंडक्टर
सेमीकंडक्टर को लेकर घोषणा से होगा फायदा
वित्त मंत्री ने सेमीकंडक्टर निर्माण को लेकर भी बजट में 40,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट घोषित किया है। इससे देश में सेमीकंडक्टर के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और दूसरे देशों पर निर्भरता कम होगी। यह घोषणा ऑटोसेक्टर के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वाहनों में भी सेमीकंडक्टर का उपयोग होता है। अगर, ये भारत में ही उपलब्ध होंगे, तो वाहन निर्माण की लागत में कमी आ सकती है और आपूर्ति की समस्या भी नहीं रहेगी।