LOADING...
ब्रिक्सटन क्रॉसफायर 500 स्टॉर की पहली बार दिखी झलक, जानिए क्या मिलेंगे फीचर 
ब्रिक्सटन क्रॉसफायर 500 स्टॉर को इस साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है

ब्रिक्सटन क्रॉसफायर 500 स्टॉर की पहली बार दिखी झलक, जानिए क्या मिलेंगे फीचर 

Jun 18, 2025
12:26 pm

क्या है खबर?

ब्रिक्सटन की मोटरसाइकिल क्रॉसफायर 500 स्टॉर को पहली बार भारतीय सड़कों पर परीक्षण के दौरान देखा गया है। इससे संकेत मिलता है कि ऑस्ट्रियाई-चीनी ब्रांड जल्द ही देश में अपने लाइनअप का विस्तार कर सकती है। KAW वेलोस मोटर्स ने नवंबर, 2024 में 4 बाइक के साथ ब्रिक्सटन ब्रांड को भारत में उतारा था। क्रॉसफायर 500 स्टॉर को इस साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है और यह होंडा NX500 और बेनेली TRK 502 से मुकाबला करेगी।

फीचर्स 

इन सुविधाओं से लैस है बाइक

ब्रिक्सटन क्रॉसफायर 500 स्टॉर की स्टाइलिंग रॉयल एनफील्ड हिमालयन और इसके इलेक्ट्रिक वर्जन से काफी मिलती-जुलती है। लेटेस्ट बाइक में हैंडगार्ड, लगेज रैक, लंबी विंडस्क्रीन और अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट है और हेडलाइट और मिरर जैसे गोल एलिमेंट थोड़ा रेट्रो अपील देते हैं। मोटरसाइकिल में ऑल LED लाइटिंग, USB चार्जिंग पोर्ट और वर्टिकल TFT कंसोल है। ऑफ-रोड के लिए स्विचेबल रियर ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल की सुविधा होगी। इसका वजन 209 किलोग्राम, सीट की ऊंचाई 839mm और 16-लीटर का फ्यूल टैंक है।

पावरट्रेन 

ऐसा होगा बाइक का पावरट्रेन 

क्रॉसफायर 500 स्टॉर में 486cc, पैरेलल-ट्विन सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन है, जो 8,500rpm पर 47.6PS का पावर और 6,750rpm पर 43Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन के लिए इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यह बाइक आगे 19 और पीछे 17-इंच के स्पोक व्हील्स पर चलती है, जिसमें ब्लॉक पैटर्न ट्यूबलेस टायर लगे हैं, जबकि सस्पेंशन के लिए इनवर्टेड फोर्क और मोनोशॉक यूनिट है। इस एडवेंचर बाइक की कीमत 5.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास रहने की उम्मीद है।