Page Loader
2024 होंडा अफ्रीका ट्विन जल्द भारत में देगी दस्तक, डिजाइन कराया पेटेंट
2024 होंडा अफ्रीका ट्विन को जल्द ही भारत में लॉन्च किया जा सकता है (तस्वीर: होंडा)

2024 होंडा अफ्रीका ट्विन जल्द भारत में देगी दस्तक, डिजाइन कराया पेटेंट

Mar 13, 2024
09:26 am

क्या है खबर?

दोपहिया वाहन निर्माता होंडा अपनी अपडेटेड अफ्रीका ट्विन को वैश्विक स्तर पर पेश करने के बाद अब भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। आगामी होंडा अफ्रीका ट्विन में नए फेसिया के साथ 19-इंच का फ्रंट व्हील चर्चा का विषय बना हुआ है। होंडा ने फ्रंट और साइड पैनल को थोड़ा शार्प बनाया है और इन दोनों नए हिस्सों को भारत में पेटेंट कराया गया है। इस दोपहिया वाहन के DCT गियरबॉक्स को भी फाइन-ट्यून किया गया है।

बदलाव

अपडेटेड बाइक में मिलेंगे ये बदलाव 

2024 होंडा अफ्रीका ट्विन का डिजाइन मौजूदा मॉडल के समान है, लेकिन फ्रंट फेयरिंग में कुछ बदलाव किए गए हैं और इसमें अब नई 5-स्टेप एडजस्टेबल फ्रंट विंडस्क्रीन मिलती है। यूरोपियन-स्पेक में 835-855mm के बीच एडजेस्टेबल ऊंची सीट दी गई है, लेकिन यह देखा जाना है कि सीट की ऊंचाई भारत में बढ़ाई जाती है या नहीं। यहां होंडा अफ्रीका ट्विन कम सस्पेंशन सेटिंग के साथ आता है, जिससे सीट की ऊंचाई 810-830mm के बीच एडजस्ट की जा सकती है।

पावरट्रेन 

पावरट्रेन हुआ पहले से दमदार 

नई अफ्रीका ट्विन में कम्प्रेशन अनुपात में थोड़ा बदलाव के साथ 1,084cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जिससे यह 5,500rpm पर 112Nm का टॉर्क (पहले 6,250rpm/103Nm) पैदा करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें क्विकशिफ्टर के विकल्प के साथ 6-स्पीड DCT या 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। इसके अलावा, बाइक में LED इंस्ट्रूमेंट कंसोल, LED लाइटिंग सेटअप पहले के समान है। इसकी कीमत मौजूदा शुरुआती 16.02 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक रहने की उम्मीद है।