Page Loader
नए लुक के साथ आएगी 2022 मारुति सुजुकी बलेनो, टेस्टिंग के दौरान हुई स्पॉट
2022 मारुति सुजुकी बलेनो की टेस्टिंग हुई शुरू

नए लुक के साथ आएगी 2022 मारुति सुजुकी बलेनो, टेस्टिंग के दौरान हुई स्पॉट

Nov 08, 2021
10:30 pm

क्या है खबर?

नई मारुति सुजुकी बलेनो को भारत में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। दिल्ली के पास स्पॉट किए गए इस प्रोटोटाइप मॉडल से पता चलता है कि नई बलेनो को एक फ्रेश लुक दिया जाएगा। कुछ समय पहले ही इसके केबिन के फीचर्स सामने आए थे जिसमें एक नया क्रूज कंट्रोल और नई टचस्क्रीन जैसे फीचर्स भी नजर आए थे। तो आइये जानते है टेस्टिंग के दौरान 2022 मारुति बलेनो में क्या कुछ देखने को मिला है।

एक्सटिरीयर

बलेनो में हुए हैं कॉस्मेटिक बदलाव

टेस्टिंग के दौरान नई बलेनो पूरी तरह से कैमोफ्लेज से ढकी थी, जिससे इसके लुक के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता चल पाया है, पर ध्यान से देखने पर इसमें हुए कॉस्मेटिक बदलाव को देखा जा सकता है। बदलाव के रूप में नया LED टेललैंप, अलॉय व्हील्स, नया फ्रंट ग्रिल और नए LED DRL के साथ अपडेटेड हेडलाइट्स को शामिल किया गया है। वहीं, इसमें एक रिडिजाइन किया गया फ्रंट बंपर भी मिलेगा।

इंटीरियर

कई नए फीचर्स से लैस है केबिन

2022 बलेनो के इंटीरियर को पूरी तरह से नया डिजाइन दिया गया है। इसमें क्रूज कंट्रोल और एक नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। साथ ही इसमें रिमोट कीलेस एंट्री, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVM, टिल्ट और टेलिस्कोपिक स्टीयरिंग, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप, ऑटो AC और फॉलो मी होम हैडलैंप्स देखने को मिलते हैं। दूसरी तरफ मौजूदा मॉडल की तरह ही इसमें भी लाइव ट्रैफिक अपडेट के साथ नेविगेशन सिस्टम, स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल और वॉयस कमांड जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

इंजन

दो इंजन विकल्प मिलते हैं कार को

2022 मारुति बलेनो का इंजन मौजूदा मॉडल के समान ही होगा। आपको बता दें कि मौजूदा मॉडल पेट्रोल और स्मार्ट हाइब्रिड पावरट्रेन विकल्पों के साथ उपलब्ध है। पेट्रोल वेरिएंट 1.2 लीटर VVT इंजन द्वारा संचालित है, जो 6,000rpm पर 82hp की पावर और 4,200rpm पर 113Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, स्मार्ट हाइब्रिड वेरिएंट में 1.2 लीटर डुअलजेट, डुअल VVT मोटर है, जो लिथियम-आयन और लेड एसिड बैटरी द्वारा चलती है।

कीमत

मारुति सुजुकी बलेनो: कीमत और उपलब्धता

2022 मारुति बलेनो की कीमत की जानकारी के लिए इसके लॉन्चिंग तक का इंतजार करना होगा। भारत में इसका मुकाबला टाटा पंच, अल्ट्रोज और नई हुंडई i20 N लाइन के साथ होगा। फिलहाल मारुति अपने 2021 सेलेरियो मॉडल की लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है जिसे 11 नवंबर को पेश किया जाएगा। कहा जा रहा है कि कंपनी बलेनो के एक नये हाइब्रिड और डीजल वेरिएंट की भी टेस्टिंग कर रही है।