Page Loader
हाइब्रिड तकनीक के साथ लॉन्च हुई लेक्सस 2022 ES 300h, जानिए इसके फीचर्स
भारत में लॉन्च हुई लेक्सस लॉन्च हुई 2022 ES 300h (तस्वीर: लेक्सस)

हाइब्रिड तकनीक के साथ लॉन्च हुई लेक्सस 2022 ES 300h, जानिए इसके फीचर्स

लेखन अविनाश
Oct 11, 2022
09:40 pm

क्या है खबर?

लग्जरी कार निर्माता लेक्सस ने भारतीय बाजार में अपनी 2022 ES 300h को लॉन्च कर दिया है। इसे दो ट्रिम्स में उतारा गया है। वैश्विक बाजार में यह कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ी है। इस कार का निर्माण कंपनी भारत में ही करेगी। इसमें चार सिलेंडर वाला 2487cc का इंजन है। लेक्सस 2017 से भारतीय बाजार में अपनी गाड़ियों की बिक्री कर रही है और वर्तमान में देश में कंपनी के पांच मॉडल्स बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

डिजाइन

कैसा है कार का लुक?

डिजाइन की बात करें तो इस सेडान कार को स्पोर्टी लुक दिया गया है। इसमें ढलान वाली छत, एक चौड़ी, क्रोम-फिनिश्ड सिंगल-फ्रेम ग्रिल, नए फ्रंट बम्पर, मस्कुलर बोनट, LED हेडलाइट्स और सिग्नेचर डे टाइम रनिंग लाइट (DRL) दी गई हैं। इस सेडान के किनारों पर ऐरो कट शार्प एज, ब्लैक-आउट रूफ, ORVM और 17-इंच के अलॉय व्हील उपलब्ध हैं। पीछे की तरफ नए रैप-अराउंड LED टेललाइट्स और एक नया बम्पर मौजूद है जो इसे बेहद आकर्षक लुक प्रदान करता है।

जानकारी

दो वेरिएंट में आती है यह कार

ES 300h लेक्सस के भारतीय बाजार में दो वेरिएंट 'एक्सक्यूसाइट' और 'लग्जरी' में उपलब्ध है। इसके दोनो ही वेरिएंट में चार सिलेंडर वाला 2487cc का इंजन है, जो 176hp की पावर और 221Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह एक सेल्फ चार्जिंग मजबूत हाइब्रिड सेडान कार है और इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 118hp की पावर देती है। यह कार 8.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने की क्षमता रखती है।

फीचर्स

केबिन में दिए गए हैं ये फीचर्स

लेक्सस बेहतरीन कम्फर्ट के साथ लग्जरियस फीचर्स, जबरदस्त क्षमता और सुरक्षा के लिये जानी जाती है। इसके इंटीरियर में सीट्स, डोर पैड, आर्मरेस्ट आदि पर प्रीमियम क्वालिटी मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है, आपको सुकून का अहसास कराने के लिये काफी है। इसमें ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ 12.3 इंच की बड़ी टचस्क्रीन डिस्प्ले, एम्बिएंट लाइटिंग, मून रूफ, ऑप्टिट्रॉन मीटर जैसे कई फीचर्स मौजूद है। इसमें 340 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।

जानकारी

क्या है इसकी कीमत?

इसकी कीमत की बात की जाए तो 'एक्सक्यूसाइट' और 'लग्जरी' दोनो वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत क्रमशः 59.71 लाख रुपये और 65.81 लाख रुपये है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

दक्षिण भारतीय सुपरस्टार कमल हासन ने नई फिल्म 'विक्रम' की सफलता पर फिल्म निर्देशक लोकेश कनगराज को नई लेक्सस कार गिफ्ट में दी थी। कमल हासन ने काम की प्रशंसा के लिये फिल्म निर्देशक को लेक्सस ES 300h लग्जरी सेडान कार और सहायक निर्देशकों को 13 TVS अपाचे RTR 160 बाइक गिफ्ट की थी। कनगराज की टीम ने कार की एक पोस्ट इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी डाली, जिसमें कमल निर्देशक को कार की चाबी देते हुए दिखे।