Page Loader
दुनिया के सबसे उम्रदराज पुरुष का 113 साल की उम्र में निधन

दुनिया के सबसे उम्रदराज पुरुष का 113 साल की उम्र में निधन

Jan 21, 2019
03:54 pm

क्या है खबर?

दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति मसाजो नोनाका का 113 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके परिवार ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार तड़के सोते हुए उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। उनकी मौत जापान के उत्तर में स्थित होकाइदो के मुख्य द्वीप ओशोरे स्थित उनके घर में हुई। उनकी पोती युको नोनाका ने बताया कि उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है। मसाजो का जन्म 25 जुलाई, 1905 को हुआ था।

परिवार

मिठाई खाने के शौकीन थे मसाजो

मसाजो का परिवार एक आश्रय स्थल चलाता है। मसाजो को अप्रैल, 2018 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था। तब उनकी उम्र 112 साल और 259 दिन थी। मसाजो की एक बहन और छह भाई थे। मसाजो की शादी साल 1931 में हुई थी और उनके पांच बच्चे थे। उनकी पत्नी, उनके सारे भाई-बहनो और तीन बच्चों की मौत पहले हो चुकी थी। बता दें, मसाजो को मिठाई खाने का बहुत शौक था।

जापान

जापान में 100 से अधिक उम्र के हजारों लोग

जापान के स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय के अनुसार सितंबर, 2018 तक जापान में 100 साल से अधिक उम्र के लोगों की संख्या 69,785 थी। इसमें से लगभग 90 प्रतिशत महिलाएं थीं। दुनिया के सबसे उम्रदराज़ जीवित शख्स की बात करें तो यह रिकॉर्ड जापान की महिला केन तनाका के नाम दर्ज है। वह 116 साल की हैं। वहीं अब तक के सबसे उम्रदराज व्यक्ति जीन लुइस थे, जिनका निधन 122 साल की उम्र में साल 1997 में हुआ था।