Loading...
बांग्लादेश शेख हसीना के मुद्दे पर भारत के खिलाफ जाएगा ICJ? पाकिस्तान में दिया बड़ा बयान
बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने पाकिस्तानक की यात्रा के दौरान भारत के खिलाफ कड़ी बयानबाजी की है

बांग्लादेश शेख हसीना के मुद्दे पर भारत के खिलाफ जाएगा ICJ? पाकिस्तान में दिया बड़ा बयान

Nov 26, 2026
04:47 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान की आधिकारिक यात्रा पर गए बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद से भारत के खिलाफ बेहद तीखा और विवादित बयान दिया है। उन्होंने भारत पर पिछले 15 सालों तक बांग्लादेश का शोषण करने और उसके साथ एक उपनिवेश जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भारत पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का प्रत्यर्पण नहीं करता है, तो वच इस मामले को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में ले जाएंगे।

निशाना

1971 के मुक्ति संग्राम पर भी उठाए सवाल

न्यूज18 के अनुसार, इस्लामाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अहमद ने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में भारत की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1971 में भारत ने बंगाली लोगों की मदद नहीं की थी, बल्कि केवल पाकिस्तान को कमजोर करने के उद्देश्य से हस्तक्षेप किया था।

बांग्लादेश की आजादी में भारत की ऐतिहासिक रूप से संवेदनशील भूमिका को देखते हुए उनके इस बयान से कूटनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

चेतावनी

अहमद ने भारत को दी सीधी चेतावनी

अगस्त 2024 में अपनी सरकार के पतन के बाद से भारत में रह रहीं हसीना को लेकर अहमद ने कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने कहा, "अगर शेख हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें जेल भेजा जाएगा। हालांकि, अगले 10 वर्षों तक उनके देश लौटने की कोई संभावना नहीं है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत में शरण ले रखी है और यदि नई दिल्ली उन्हें सौंपने से इनकार करती है, तो बांग्लादेश ICJ का दरवाजा खटखटाएगा।

ADVERTISEMENT

निशाना

अवामी लीग पर भी साधा निशाना

अहमद ने हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' को बांग्लादेश में मौजूद एक आतंकवादी संगठन भी करार दिया है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक हिंसा में संलिप्तता के आरोपों के चलते बांग्लादेश सरकार इस पार्टी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है।

बता दें कि अंतरिम प्रशासन के दौरान ही अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी और इसे फरवरी 2026 के चुनाव लड़ने से भी वंचित रखा गया था।

ADVERTISEMENT

समर्थन

कश्मीर मुद्दे पर किया पाकिस्तान का समर्थन

अपनी यात्रा के दौरान अहमद ने कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान के पारंपरिक रुख का समर्थन किया है।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीर विवाद के जल्द से जल्द समाधान की मांग की है।

इसके अलावा, उन्होंने अंतर-संसदीय संघ (IPU) की कार्यकारी समिति के लिए बांग्लादेश के उम्मीदवार का समर्थन करने पर इस्लामाबाद की सराहना की और विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।

यात्रा

बांग्लादेश के किसी स्पीकर की पहली आधिकारिक पाकिस्तान यात्रा

अहमद पाकिस्तानी संसद के स्पीकर सरदार अयाज सादिक के निमंत्रण पर 23 नवंबर से 6 दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पाकिस्तान में हैं।

बांग्लादेश की संसद के किसी स्पीकर की यह पहली आधिकारिक पाकिस्तान यात्रा है।

इस दौरान दोनों पक्षों ने संसदीय सहयोग, प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और संस्थागत संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की है।

अहमद ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की है।

ADVERTISEMENT