दुबई का सबसे आलीशान होटल 18 महीने के लिए हो रहा बंद, जानें वजह
क्या है खबर?
दुबई के सबसे आलीशान होटल में शामिल बुर्ज अल अरब को 18 महीने के लिए बंद किया जा रहा है। करीब 25 सालों से दुबई के अमीर और VIP मेहमानों की पसंद रही इस 7 सितारा होटल को पुनरुद्धार के लिए बंद किया जा रहा है। ईरान युद्ध के दौरान इस होटल से ड्रोन टकराया था, जिसके चलते ये एक बार फिर सुर्खियों में आई थी। हालांकि, होटल को बंद करने की वजह ड्रोन से हुआ नुकसान नहीं है।
वजह
फ्रांस के मशहूर इंटीरियर डिजाइनर को रिनोवेशन का जिम्मा
पुनरुद्धार योजना के तहत, होटल को और आधुनिक, लग्जरी और तकनीक से लैस करना शामिल है। होटल को दोबारा सजाने का नेतृत्व फ्रांस के मशहर इंटीरियर डिजाइनर ट्रिस्टन ऑयर कर रहे हैं, जिन्होंने फ्रांस की होटल डी क्रिलन जैसी प्रतिष्ठित इमारतों को डिजाइन किया है। उन्होंने इस काम को 'एक तरह का विज्ञान' बताया। उन्होंने कहा, "बतौर डिजाइनर आपको सम्मानजनक रवैया अपनाना होगा- इस होटल में लोग कैसा व्यवहार करते हैं, यह देखना, सुनना और समझना होगा।"
शुरुआत
दुबई के शासक ने की थी होटल की परिकल्पना
1990 के दशक में दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने एक ऐसी ऐतिहासिक इमारत की कल्पना की, जो दुबई के लिए ठीक वैसी हो, जैसी पेरिस के लिए एफिल टॉवर या ऑस्ट्रेलिया के लिए सिडनी ओपेरा हाउस है। तब ब्रिटिश वास्तुकार टॉम राइट ने नैपकिन पर एक पारंपरिक अरबी नौका (धो) का आकार बनाया, जो आगे चलकर इस होटल का आकृति बनी। इस संरचना का उद्देश्य दुबई की समुद्री विरासत को प्रतिबिंबित करना था।
इंजीनियरिंग
होटल में मेहमानों को मिलते हैं सोने की परत चढ़े आईपैड
बुर्ज अल अरब समुद्र तट से 280 मीटर की ऊंचाई पर एक पुनर्निर्मित द्वीप पर स्थित है, जो एक निजी घुमावदार पुल द्वारा मुख्य जमीन से जुड़ा हुआ है। होटल के अंदर एक शानदार महल है, जिसमें संगमरमर और 24-कैरेट सोने की परत से सजे 202 डुप्लेक्स सुइट हैं। हर कमरों में व्यक्तिगत बटलर सेवा, सोने की परत चढ़े आईपैड और हर्मेस के टॉयलेटरीज उपलब्ध हैं। वहीं, रॉयल सुइट में निजी लिफ्ट, कैनोपी बेड, निजी सिनेमा और पुस्तकालय है।
रेस्त्रां
होटल में हैं 9 रेस्त्रां
बुर्ज अल अरब के अंदर 9 रेस्टोरेंट और बार हैं। अल मुन्तहा नामक रेस्टोरेंट समुद्र तल से लगभग 200 मीटर ऊपर स्थित है। एक अंडरवॉटर थीम रेस्टोरेंट भी है, जो 9 लाख लीटर पानी भरे एक्वेरियम के चारों ओर बना है। बाहरी डेक पर एक खारे पानी का इन्फिनिटी पूल, एक मीठे पानी का पूल, 32 शानदार कबाना, स्पा, निजी समुद्र तट और पास के वाटरपार्क तक सीधी पहुंच की सुविधा उपलब्ध है।