Loading...
डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्की में गुपचुप तरीके से क्यों बदला विमान? वजह आई सामने
डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्की में गुपचुप तरीके से विमान बदला था

डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्की में गुपचुप तरीके से क्यों बदला विमान? वजह आई सामने

लेखन आबिद खान
Aug 12, 2026
12:02 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले महीने अपनी तुर्की यात्रा के दौरान आधिकारिक विमान की जगह एक दूसरे विमान से लौटे थे। पहले वे अपने आधिकारिक विमान में ही सवार हुए थे, लेकिन बाद में गुपचुप तरीके से विमान बदल लिया था। अब इसकी वजह सामने आई है। 2 अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप के विमान पर ईरान के मिसाइल हमले के खतरे को देखते हुए ये कदम उठाया गया था।

रिपोर्ट

खुफिया एजेंसियों ने किया था आगाह

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2 अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ईरान विमान पर संभावित मिसाइल हमले की धमकी के चलते ट्रंप ने विमान बदला था।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया कि ट्रंप को ले जा रहे विमान पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ये भी कहा गया कि NATO शिखर सम्मेलन स्थल के पास एक व्यक्ति को कंधे से दागी जाने वाली मिसाइल के साथ देखा गया था।

लोकेशन

ईरान को पता थी ट्रंप की सटीक लोकेशन

अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी से यह भी संकेत मिला कि ईरान को पता था कि ट्रंप अंकारा में कहां ठहरे हुए थे। यहां तक कि ईरान को होटल की उस मंजिल के बारे में भी पता था, जहां ट्रंप रुके थे।

इस खतरे को गंभीर मानते हुए ट्रंप की सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने बेहद गुपचुप तरीके से विमान बदलने की योजना बनाई, जिसे अब खुद ट्रंप ने भी स्वीकार किया है।

ADVERTISEMENT

हवाई अड्डे

अंकारा हवाई अड्डे पर क्या हुआ था?

ट्रंप NATO शिखर सम्मेलन में शामिल होने तुर्की गए थे। 8 जुलाई को अंकारा से लौटते समय वे बोइंग 747-8 एयर फोर्स वन में सवार हुए थे। हालांकि, ये केवल एक दिखावा था।

इसके बाद ट्रंप को एक खाने के कंटेनर के जरिए इस विमान से ले जाकर दूसरे सैन्य विमान C-32A में बैठाया गया। ये विमान उन्हें तुर्की से ब्रिटेन लेकर गया।

ये संभावित ईरानी हमलावरों को चकमा देने के लिए किया गया था।

ADVERTISEMENT

बयान

ट्रंप बोले- खुफिया एजेंसियों की सलाह मानता हूं

बाद में ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वे जिस विमान से NATO सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे उस पर हमले का सबसे ज्यादा खतरा था।

उन्होंने कहा, "अगर कोई हमला होता तो उसी विमान को निशाना बनाया जाता। मैं वही करता हूं, जो सुरक्षा एजेंसियां कहती हैं। मुझे लगता है कि वहां कोई खतरा था। मैंने इसके बारे में ज्यादा पूछताछ नहीं की। मुझे बहुत सारी धमकियां मिलती हैं।"

ADVERTISEMENT