ट्रंप ने दुनियाभर में अमेरिकी वीजा के आवेदन और साक्षात्कार क्यों रोके? जानिए कारण
क्या है खबर?
अमेरिका में आव्रजन सख्ती के बीच विदेश विभाग ने दुनियाभर में अप्रवासी वीजा आवेदनों और साक्षात्कार पर रोक लगा दी है। विदेश विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक वैश्विक प्रशिक्षण चल रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए वीजा सेवाओं के लिए नियुक्तियां रोकी गई हैं। जिन आवेदकों के साक्षात्कार निर्धारित थे, उन्हें ईमेल भेजकर सूचित किया गया कि उनकी मुलाकातें रद्द कर दी गई हैं। उन्हें जल्द नई तारीख दी जाएगी।
कारण
वीजा आवेदकों का ढंग से मूल्यांकन के लिए प्रशिक्षण
अधिकारियों ने बताया कि विभाग उन आवेदकों पर प्रतिबंध कड़ा करने और उनकी पहुंच सीमित करने के लिए कदम उठा रहा है, जिनके बारे में माना जाता है कि वो भविष्य में अमेरिकी सहायता पर निर्भर हो सकते हैं।
इसके लिए, अगस्त की शुरुआत में सभी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में गहन प्रशिक्षण का आयोजन हुआ है।
प्रशिक्षण से सुनिश्चित होगा कि सभी कांसुलर अधिकारी प्रत्येक वीजा आवेदक का व्यापक और सुसंगत मूल्यांकन करने में पूरी तरह सक्षम हों।
असर
इस प्रशिक्षण से किस पर पड़ेगा असर?
विदेश विभाग ने जो प्रशिक्षण शुरू किया है, उसका उद्देश्य कांसुलर अधिकारियों को हर आवेदक की और ज्यादा विस्तृत और एक समान तरीके से जांच करने के लिए तैयार करना है।
इसका सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ेगा, अमेरिका में स्थायी रूप से बसने के लिए अप्रवासी वीजा ले रहे हैं और परिवार के जरिए अमेरिका जाने की प्रक्रिया में हैं।
नौकरी या अन्य पात्रता के आधार पर ग्रीन कार्ड की ओर बढ़ रहे हैं।
सख्ती
पहले भी वीजा आवेदन रोक चुका है अमेरिका
यह पहली बार नहीं है, जब ट्रंप प्रशासन ने वीजा आवेदन या साक्षात्कार को रोका हो। इससे पहले भी, 'सार्वजनिक प्रभार' के आधार पर 75 देशों के लोगों के वीजा आवेदन रोकने की कोशिश कर चुका है।
हालांकि, तब अमेरिका की एक संघीय कोर्ट ने उस कदम को पलट दिया था।
इसके अलावा ट्रंप प्रशासन ने वीजा आवेदकों की सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच बढ़ाने और वीजा प्रक्रिया की लागत बढ़ाने जैसे कदम भी उठाए हैं।
सख्ती
2 लाख लोगों पर कार्रवाई की तलवार
वीजा आवेदन और साक्षात्कार रोकने के बीच अमेरिका शरण मांगने वाले 2 लाख विदेशियों के व्यापार और पर्यटन वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट का कहना है कि उन विदेशियों के गैर-आप्रवासी वीजा की पहचान हो रही है, जो अल्पकालिक आगंतुक होने का दावा करके अमेरिका आए, लेकिन बाद में यहां स्थायी रूप से रहने के लिए आवेदन कर रहे हैं।
इससे 2 लाख लोगों के प्रभावित होने की संभावना है।