हंतावायरस को लेकर WHO ने कहा- अब तक 5 मामले आए, कोरोना वायरस जैसी स्थिति नहीं
क्या है खबर?
अटलांटिक महासागर में केप वर्डे के पास जहाज MV होंडियस पर हंतावायरस फैलने के बाद वैश्विक चिंता को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संगठन ने बताया कि अभी 5 मामले सामने आए हैं, लेकिन सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम कम है। यह कोरोना जैसी महामारी की शुरुआत नहीं है। संक्रामक रोक महामारी वैज्ञानिक मारिया वैन ने कहा कि हंतावायरस बहुत अलग है, इसे हम-सब जानते हैं। इसकी स्थिति कोविड-19 जैसी होने की संभावना कम है।
बयान
कोरोना वायरस से कितना अलग है हंतावायरस?
WHO के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयसस ने बताया कि अभी तक पता चला है कि यह संक्रमण मनुष्यों के बीच लंबे समय तक संपर्क के कारण हुआ था। अधिकारियों ने यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि यह कोविड-19 के समान नहीं है और न ही यह किसी महामारी का अग्रदूत है। उन्होंने कहा कि कोरोना से अलग यह संक्रमण तब मनुष्यों में फैलेगा, जब मनुष्य लंबे समय तक निकट संपर्क में बने रहते हैं। हालांकि, यह सीमित प्रकोप होगा।
मरीज
खतरा कम, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ सकती है- WHO
डॉ टेड्रोस ने बताया कि अब तक 8 संदिग्ध लोग सामने आए हैं, जिनमें 3 मौतें शामिल हैं। इनमें से 5 पुष्ट मामले हैं, जबकि अन्य 3 संदिग्ध हैं। उनका कहना है कि इस बीमारी की अवधि 6 सप्ताह तक हो सकती है, इसलिए संभव है कि और भी मामले सामने आएं। अधिकारियों ने बताया कि लोगों को खतरा कम है, लेकिन यह स्वीकार किया कि यह एक गंभीर घटना है और आगे भी ऐसे मामले सामने आ सकते हैं।
महामारी
न ये कोविड है और न इंफ्लूएंजा
मारिया वैन ने कहा कि हम 6 साल पहले जैसी स्थिति में नहीं हैं, यह SARS-CoV-2 नहीं है। यह कोविड महामारी की शुरुआत नहीं है। यह ऐसा संक्रमण है जो जहाज पर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि यह कोरोनावायरस की तरह नहीं फैलता, बल्कि निकट, अंतरंग संपर्क के माध्यम से फैलता है। यह कोविड और इन्फ्लूएंजा नहीं है। उन्होंने कहा कि जहाज में जो एहतियात बरते जा रहे हैं, उससे यह प्रकोप रुक सकता है।
संक्रमण
संक्रमित दंपत्ति ने वहां का दौरा किया, जहां संक्रमित चूहे थे- टेड्रोस
टेड्रोस ने बताया कि जो पहले 2 मामले सामने आए हैं, उसमें लोग अर्जेंटीना, चिली और उरुग्वे की यात्रा पर पक्षी देखने गए थे। इस दौरान वे वहां भी गए, जहां वायरस ले जाने वाली चूहे की प्रजाति थी। WHO दंपति की गतिविधियों को समझने के लिए अर्जेंटीना के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने बताया जिस जहाज पर संक्रमण फैला है, वह कैनरी द्वीप समूह की ओर रवाना है। हालांकि, संक्रमण फैलने की संभावना कम है।
बयान
सेंट हेलेना में उतरने वाले 7 ब्रिटिश नागरिक आइसोलेशन में
WHO की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच ब्रिटिश हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी ने बताया कि जो 7 ब्रिटिश नागरिक 24 अप्रैल को MV होडियंस से सेंट हेलेना में उतरे थे, उनमें 2 ने खुद को आइसोलेशन में रखा है। इनमें 4 व्यक्ति अभी भी सेंट हेलेना में है और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों के संपर्क में हैं। एजेंसी का कहना है कि सातवें व्यक्ति की तलाश जारी है , जो अभी तक ब्रिटेन नहीं लौटा है।
वायरस
अब तक कैसे हुई 3 लोगों की मौत?
टेड्रोस ने बताया कि पिछले हफ्ते ब्रिटेन ने सूचना दी कि डच-झंडे वाले MV होंडियस जहाज पर गंभीर सांस रोगी मिले हैं। जहाज अर्जेंटीना से काबो-वर्डे गया था। पहले एक पुरुष में 6 अप्रैल को लक्षण आए और 11 अप्रैल को जहाज पर मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी सेंट-हेलेना द्वीप पर उतरी। उनकी 25 अप्रैल को जोहान्सबर्ग में मौत हो गई। तीसरी मौत एक महिला की जहाज पर 2 मई को हुई। उनमें लक्षण 28 अप्रैल को आए थे।
बचाव
कैसे होगा बचाव?
अधिकारियों ने बताया कि जहाज में लोग आसपास ज्यादा होते हैं, इसलिए यह फैला, अन्यथा इसके फैलने की संभावना कम है। उन्होंने संक्रमित व्यक्तियों को 2 हफ्ते से 45 दिन का आइसोलेशन करने और हाई रिस्क मरीजों की सक्रिय मॉनिटरिंग करने का सुझाव दिया है। अभी अन्य संक्रमित 4 लोग निगरानी में हैं। जहाज के अन्य यात्रियों में लक्षण नहीं मिले हैं। सभी यात्रियों से अपने केबिन में रहने को कहा गया है, केबिनों को कीटाणुरहित किया जा रहा है।
जानकारी
सेंट हेलेना में उतरने वाले नागरिकों के देशों को सूचना
WHO ने उन 12 देशों को सूचित किया, जिनके नागरिक सेंट हेलेना उतरे थे। इनमें कनाडा, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड्स, न्यूजीलैंड, सेंट किट्स एंड नेविस, सिंगापुर, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका शामिल है। हंतावायरस में गंभीर सांस की बीमारी होती है। इसकी मृत्युदर 50 प्रतिशत है।