एनवीडिया CEO के साथ प्रेम संबंध, चीन के लिए जासूसी के आरोप; कौन हैं एलिस हुआंग?
क्या है खबर?
दिग्गज चिप कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग बड़े विवाद में घिर गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि उनका एक चीनी महिला से प्रेम संबंध रहा है। माना जाता है कि ये महिला चीन की जासूस है, जिसके बाद एनवीडिया ने पूरे मामले की जांच शुरू की है। इस कथित चीनी जासूस महिला का नाम एलिस हुआंग है, जो एक बड़ी कंपनी में शीर्ष पद पर रही हैं। आइए एलिस के बारे में जानते हैं।
परिचय
कौन हैं एलिस?
एलिस सिंगापुर स्थित तकनीकी कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं। इस कंपनी ने एनवीडिया के साथ करोड़ों रुपये का कारोबार किया है। माना जाता है कि इसी दौरान एलिस और जेंसेन के बीच नजदीकी बढ़ी।
यह स्पष्ट नहीं है कि एलिस की मुलाकात जेंसेन से पहली बार कब हुई थी या उनका रिश्ता कितने समय तक चला। हालांकि, दोनों को पहली बार जून, 2024 में ताइवान के ताइपे के एक बार में साथ बैठे हुए देखा गया था।
टीवी रिपोर्टर
टीवी रिपोर्टर रह चुकी हैं एलिस
एलिस को हुआंग ले नाम से भी जाना जाता है। उनके पास चीन की नागरिकता हैं।
एक चीनी निजी फंड डेटाबेस में उनकी प्रोफाइल के अनुसार, वह पूर्व में टेलीविजन रिपोर्टर रह चुकी हैं और उन्होंने हुनान टीवी और चीन के सरकारी प्रसारक CCTV के साथ काम किया है।
खबरों के मुताबिक, उन्होंने HSBC में भी काम किया है, जहां वह निजी बैंकिंग विभाग के अध्यक्ष की सहायक थीं। बाद में वे CITIC सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष बनीं।
मुलाकात
मई, 2025 में फिर साथ नजर आए एलिस और जेंसेन
2025 की मई में भी एलिस को एक बार फिर ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर जेंसेन के साथ देखा गया था। तब जेंसेन पत्रकारों से बात कर रहे थे और एलिस उनके पीछे खड़ी थीं।
इसी दिन जेंसेन ने ताइपे के एक चीनी रेस्तरां में रात्रिभोज का आयोजन किया था, जहां एलिस उनके बगल में बैठी हुई दिखाई दी थीं।
कथित तौर पर भोजन के बाद दोनों एक ही कार में बैठकर घर गए थे।
कंपनी
मेगास्पीड के बारे में क्या पता है?
मेगास्पीड सिंगापुर स्थित एक कंपनी है, जो AI सिस्टम विकसित करने और संचालित करने वाले व्यवसायों को कंप्यूटिंग संसाधन प्रदान करती है। कंपनी खुद को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एनवीडिया के कंप्यूटिंग पावर क्लाउड व्यवसाय का एक प्रमुख भागीदार बताती है।
डेली मेल के मुताबिक, मेगास्पीड की शुरुआत एक चीनी गेमिंग कंपनी से हुई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, मेगास्पीड ने 2024 से 2026 के बीच एनवीडिया के साथ करीब 45,000 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
चीन
चीन ने आरोपों को बेबुनियाद बताया
चीन ने एलिस के चीनी जासूस होने के दावों को खारिज कर दिया है।
चीन ने जेंसेन को फंसाने के प्रयास के दावों को पूरी तरह से निराधार और बीजिंग के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान करार दिया।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, "तथाकथित चीनी जासूसी का आरोप निराधार है। यह चीन के खिलाफ सिर्फ एक दुष्प्रचार है।"
मामला सामने आने के बाद एनवीडिया के शेयरों में लगभग 5 प्रतिशत की गिरावट आई है।