LOADING...
अमेरिका से युद्धविराम वार्ता विफल होने पर किन लक्ष्यों को निशाना बना सकता है ईरान?
ईरान ने अमेरिका से युद्धविराम वार्ता विफल होने पर संभावित लक्ष्यों की बना रखी है सूची

अमेरिका से युद्धविराम वार्ता विफल होने पर किन लक्ष्यों को निशाना बना सकता है ईरान?

Apr 21, 2026
07:01 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की शांति वार्ता प्रस्तावित है। हालांकि, इसके विफल होने पर ईरान ने आगे की योजना भी तैयार कर रखी है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट में उन संभावित लक्ष्यों की सूची जारी की गई है, जिन पर दोबारा युद्ध शुरू होने स्थिति में हमला किया जा सकता है। तसनीम समाचार एजेंसी ने 7 अप्रैल को ईरान के हमला किए जाने वाले लक्ष्यों की सूची प्रकाशित की थी। आइए उनके बारे में जानते हैं।

सूची

युद्ध विराम की घोषणा के दिन जारी की गई थी सूची

तसनीम समाचार एजेंसी ने संभावित लक्ष्यों की सूची को उसी दिन जारी किया था, जिस दिन 2 सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की गई थी। इन लक्ष्यों में सऊदी अरब की यानबू पाइपलाइन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की फुजैराह तेल सुविधा और बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य शामिल हैं, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में सऊदी अरब और UAE दूसरे दौर की शांति वार्ता में सकारात्मक परिणामों की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

हालात

शांति वार्ता पर बना हुआ है असमंजस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दूसरे दौर की वार्ता के अपना प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद भेजने की घोषणा कर दी थी, लेकिन ईरान की भागीदारी पर अनिश्चितता है। अमेरिका से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता में शामिल हो सकते हैं। ईरान में खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर अली अब्दुल्लाही ने मंगलवार को कहा कि ईरान के सशस्त्र बल किसी भी पुनः शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का तत्काल और निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार हैं।

Advertisement

जानकारी

अब्दुल्लाही ने दिया चौंकाने वाला बयान

अब्दुल्लाही ने कहा कि तेहरान सैन्य क्षेत्र में अपना वर्चस्व बनाए हुए है और इसमें होर्मूज जलडमरूमध्य भी शामिल है। ईरान कभी भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जमीनी हालात को लेकर अपने फायदे के लिए झूठी कहानियां गढ़ने की इजाजत नहीं देगा।

Advertisement

चेतावनी

ईरान ने लक्ष्यों को लेकर दी थी चेतावनी

तसनीम की रिपोर्ट में एक सैन्य सूत्र के हवाले से कहा गया है, 'अगर, अमेरिका और इजरायल द्वारा दोबारा हमले शुरू होते हैं तो गंभीर जवाबी कार्रवाई की जाएगी। अगर, ट्रंप अपनी इस पागलपन भरी हरकत से एक गड्ढे से दूसरे गड्ढे में गिरना चाहते हैं, तो हमने उनके लिए एक ऐसा काला गड्ढा तैयार कर रखा है जिससे उनका निकलना नामुमकिन होगा। हमने ट्रंप की संभावित मनमानी के लिए कुछ अच्छे सरप्राइज तैयार किए हैं।'

सूची

ईरान ने दी लक्ष्यों पर हमला करने की चेतावनी

रिपोर्ट में आगे लिखा है, 'युद्ध के दोबारा शुरू होने पर ईरान के लक्ष्यों की सूची में अरामको तेल संयंत्र, यानबू तेल संयंत्र और फुजैरा पाइपलाइन शामिल है। ईरान कभी भी अमेरिका और उसके सहयोगियों को भारी कीमत चुकाने के लिए मजबूर करने में संकोच नहीं करेगा।' इसके अलावा, ईरान समर्थित हाउथी बलों ने बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य को निशाना बनाने की चेतावनी जारी की है, जो लाल सागर को हिंद महासागर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।

वार्ता

अमेरिका-ईरान वार्ता की क्या है स्थिति?

रॉयटर्स के अनुसार, बातचीत में शामिल सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "चीजें आगे बढ़ रही हैं और कल बातचीत शुरू होने की पूरी संभावना है। अगर, समझौता हो जाता है तो ट्रंप व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन माध्यम से बातचीत में शामिल हो सकते हैं।" एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने वार्ता में भाग लेने की मंजूरी दे दी है, जो युद्ध विराम की दिशा में चल रहे प्रयासों के लिए अच्छा संकेत है।

Advertisement