अमेरिका-इजरायल के ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में 11वें दिन क्या-क्या हुआ?
क्या है खबर?
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त रूप से ईरान पर हमला करने के बाद भड़का युद्ध मंगलवार (10 मार्च) को 11वें दिन में प्रवेश कर गया। युद्ध में अब तक 1,700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध के जल्द समाप्त होने की उम्मीद जताई है। हालांकि, ईरानी अधिकारी अभी भी अड़े हुए हैं। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान अपनी लड़ाई जारी रखेगा। आइए जानते हैं 11वें दिन क्या-क्या हुआ है।
संघर्ष
ईरान में 10,000 से अधिक लोग घायल
ईरान में पूर्वी तेहरान में आवासीय इमारतों पर हुए हमले में 40 लोग मारे गए। ईरानी सरकार का दावा है कि संघर्ष में 1,255 से अधिक लोग मारे गए हैं और लगभग 10,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईरान के संसद अध्यक्ष ने इन हमलों का कड़ा जवाब देने का वादा किया है। इन सबके बीच हजारों की संख्या में ईरानी नागरिकों ने तेहरान में नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के लिए रैली निकालकर उनके प्रति अपना समर्थन जताया।
प्रभाव
कुवैत, UAE, सऊदी अरब और बहरीन ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोका
खाड़ी क्षेत्र में कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब और बहरीन ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को रोका है। सऊदी अरब ने अल-खारज प्रांत के पूर्व में एक ड्रोन नष्ट किया, जबकि बहरीन ने मनामा में आवासीय इमारत पर हमले में एक व्यक्ति की मौत और 8 लोगों के घायल होने की सूचना दी। कुवैत में 6 ड्रोन रोके गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने मध्य-पूर्व में सैन्य निगरानी विमान तैनात करने और UAE को मिसाइलें भेजेने की घोषणा की है।
वीजा
5 ईरानी महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को मिला ऑस्ट्रेलियाई वीजा
ऑस्ट्रेलिया ने एशिया कप मैच से पहले राष्ट्रगान न गाने के कारण 'युद्धकालीन गद्दार' करार दी गई 5 ईरानी महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को मानवीय वीजा दिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि वह और उनके सहयोगी होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए मिशन तैयार कर रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उनका देश वैश्विक ऊर्जा संकट से निपटने के लिए यूरोपीय ग्राहकों के साथ दोबारा काम करने को तैयार है।
बयान
इराक के प्रधानमंत्री ने दिया अहम बयान
इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से कहा कि इराकी हवाई क्षेत्र, भूभाग और जलक्षेत्र का इस्तेमाल पड़ोसी देशों को निशाना बनाने के लिए नहीं किया जाता है। सुदानी ने देश को मौजूदा संघर्षों में घसीटने के किसी भी प्रयास को खारिज कर दिया है। इराक की सीमा ईरान से लगती है, जिस पर अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से बमबारी शुरू कर दी थी। इराक की सीमा खाड़ी क्षेत्र से भी लगती है।
आर्थिक
वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में आया भारी उछाल
ईरान के तेल बुनियादी ढांचे पर बमबारी के कारण वैश्विक तेल और गैस की कीमतें बढ़ गई हैं, जिसके चलते G-7 के वित्त मंत्रियों ने सोमवार को विशेष बैठक की। ट्रंप के ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल प्रवाह रोकने पर हमले तेज करने की धमकी देने के बाद कच्चे तेल की कीमतें गिरकर लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। ट्रंप ने कहा कि ईरान तेल शिपमेंट रोकने की कोशिश करता है तो उसे अकल्पनीय कीमत चुकानी पड़ेगी।