ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को हटाया
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के बीच अमेरिका के युद्ध मंत्री (पूर्व में रक्षा मंत्री) पीट हेगसेथ ने बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लेते हुए सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को पद छोड़ने के लिए कह दिया है। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि जॉर्ज सेना के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से तत्काल प्रभाव से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। हेगसेथ पद ऐसा व्यक्ति को चाहते हैं जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दृष्टिकोण को लागू कर सके।
सेवा
2 अन्य सैन्य अधिकारियों को हटाया गया
CBS न्यूज के मुताबिक, युद्ध विभाग ने सेना के दो अन्य अधिकारियों को भी उनके पदों से हटा दिया है, जिसमें जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन शामिल हैं। होडने सेना के परिवर्तन और प्रशिक्षण कमान के प्रमुख थे और ग्रीन सेना के चैपलिन कोर के प्रमुख थे। वाशिंगटन पोस्ट ने सबसे पहले इसकी पुष्टि की थी। फिलहाल, सेना के उप-चीफ ऑफ स्टाफ, जनरल क्रिस्टोफर लानेव, जॉर्ज की जगह लेंगे। वह पूर्व में हेगसेथ के सैन्य सहायक थे।
तैनाती
जो बाइडन ने की थी तैनाती
सेना के सबसे वरिष्ठ जनरल जॉर्ज को 2023 में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन ने सेना का चीफ ऑफ स्टाफ बनाया था। उससे पहले वे उप-अधिकारी थे। सेना प्रमुख पद 4 साल के लिए होता है। बाइडेन प्रशासन के दौरान जॉर्ज ने 2021 से 2022 तक रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के वरिष्ठ सैन्य सहायक के रूप में कार्य किया था। अनुभवी पैदल सेना अधिकारी और वेस्ट प्वाइंट से स्नातक जॉर्ज ने प्रथम खाड़ी युद्ध, इराक-अफगानिस्तान संघर्षों में अपनी सेवाएं दीं हैं।