LOADING...
अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के 10 ठिकानों को बनाया निशाना, तेहरान का भी जवाबी हमला
अमेरिका ने ईरान के 10 ठिकानों को बनाया निशाना

अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के 10 ठिकानों को बनाया निशाना, तेहरान का भी जवाबी हमला

Jun 28, 2026
09:02 am

क्या है खबर?

होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा ध्वज वाले तेल टैंकर किकू पर ईरान द्वारा कथित ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर हवाई हमलों की दूसरी लहर शुरू की। अमेरिकी सेना ने बताया कि ईरान की निगरानी प्रणालियों और ड्रोन भंडारण सुविधाओं सहित 10 ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हालांकि, इसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका के 8 सैन्य ठिकानों पर हमला बोला है। इससे युद्ध बढ़ने का खतर बढ़ गया।

चेतावनी

ईरान का अस्तित्व अब संभव नहीं- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिका को सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा, तो ईरान का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत संभव है कि ईरान कभी सबक न सीखे। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) के अनुसार, बढ़ते तनाव के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों का आवागमन जारी है और वहां अमेरिकी सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं।

प्रतिक्रिया

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने क्या दी प्रतिक्रिया?

अमेरिका के हमलों के जवाब में ईरान ने धमकी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी ठिकानों को आने वाले दिनों में नरक का सामना करना पड़ेगा। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर (IRGC) के नौसेना कमांडर ने कहा, "अमेरिकी कार्रवाई से होर्मुज जलडमरूमध्य पर हमारे नियंत्रण का रहस्य हल नहीं होता, लेकिन उल्लंघन करने वालों पर हमारी गोलीबारी अन्य जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने के नियमों की याद दिलाती है।"

Advertisement

हमला

ईरान ने किन अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना

IRGC ने कहा है कि IRGC नेवी और वायु सेना ने सुबह 2 से 3 बजे के बीच एक संयुक्त मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन लॉन्च किया। इसमें मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सेना के 8 प्रमुख बुनियादी ढांचे पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे गए हैं। IRGC का कहना है कि उसने कुवैत में अली अल-सलेम एयर बेस और सलमान पोर्ट, बहरीन में नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया है। यह दक्षिणी ईरान पर अमेरिका की हालिया आक्रामकता का निर्णायक जवाब है।

Advertisement

पुष्टि

कुवैत की सेना ने की मिसाइलों को रोके जाने की पुष्टि

कुवैत की सेना ने पुष्टि की है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर रही है। लोगों से शांत रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मध्य पूर्वी देशों में बढ़ते तनाव के चलते सायरन बजाए जा रहे हैं। इसी बीच CENTCOM ने एक्स पर ईरान पर किए गए हमलों का 38 सेकंड का वीडियो भी जारी किया है। इससे मध्य-पूर्व में फिर से तनाव बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

Advertisement