अमेरिका बोला- वेनेजुएला के तेल को अनिश्चितकाल के लिए नियंत्रित करेंगे
क्या है खबर?
अमेरिका ने कहा है कि वो अनिश्चितकाल के लिए वेनेजुएला के तेल उद्योग को नियंत्रित करने जा रहा है। अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने कहा कि ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला के तेल बिक्री को नियंत्रित करने और उससे होने वाली कमाई को अपने खजाने में रखने की योजना बना रहा है। यह पहली बार है, जब वेनेजुएला और उसके तेल उद्योग को लेकर अमेरिका ने अपनी नीतियां स्पष्ट की हैं।
बयान
राइट बोले- अनिश्चितकाल के लिए तेल को बेचेंगे
राइट ने एक कार्यक्रम में कहा, "शुरू में बैरल उस कच्चे तेल से आएंगे, जो वेनेजुएला ने भंडार में रखा हुआ है। अमेरिकी नाकेबंदी के कारण यह भंडार भर रहा है और उत्पादन बंद करने का खतरा पैदा हो गया है। हम बस उस कच्चे तेल को फिर से चालू करेंगे और बेचेंगे। हम वेनेजुएला से आने वाले कच्चे तेल को मार्केट में लाएंगे। पहले यह भंडार वाला फिर अनिश्चितकाल तक हम वेनेजुएला से होने वाले उत्पादन को बेचेंगे।"
वेनेजुएला
राइट ने कहा- वेनेजुएला के लोगों के लिए इस्तेमाल होगी कमाई
CNBC से बात करते हुए राइट ने कहा, "हम किसी का तेल नहीं चुरा रहे हैं। हम ग्लोबल कच्चे तेल बाजारों में वेनेजुएला के तेल की बिक्री फिर से शुरू करेंगे, इसे वेनेजुएला के नाम पर खाते में डालेंगे और वेनेजुएला के लोगों के फायदे के लिए इस राशि को वेनेजुएला वापस लाएंगे।" वहीं, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि अमेरिका ने पहले ही वेनेजुएला के कच्चे तेल की मार्केटिंग शुरू कर दी है।
ट्रंप का बयान
ट्रंप ने कहा था- 5 करोड़ बैरल तेल देगा वेनेजुएला
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वेनेजुएला अमेरिका को बेचने के लिए अपना 5 करोड़ बैरल तेल देगा, जिसकी मौजूदा हिसाब से कीमत लगभग 25,000 करोड़ रुपये है। वहीं, वेनेजुएला की सरकारी तेल कंपनी पेट्रोलेओस डी वेनेजुएला SA ने कहा कि वह कच्चे तेल की बिक्री को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी के मुताबिक, ये अमेरिकी कंपनी शेवरॉन कॉर्प के साथ उसके पहले जैसे समझौते की तरह होगा।
कंपनियां
तेल कंपनियों पर दबाव डाल रहे ट्रंप
वेनेजुएला के पास विशाल तेल भंडार है, लेकिन वो अभी केवल रोजाना 10 लाख बैरल ही तेल उत्पादन कर रहा है। ट्रंप अब अमेरिकी तेल कंपनियों पर वेनेजुएला के इंफ्रास्ट्रक्चर को फिर से बनाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए दबाव डाल रहे हैं। ट्रंप कल उर्जा कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मिलने वाले हैं। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने पहले ही कई तेल कंपनियों के साथ बातचीत की है।