अमेरिका में बढ़ा खसरे का खतरा, सभी से टीका लगाने की अपील
क्या है खबर?
अमेरिका के कई राज्यों में खसरे के बढ़ते मामलों के बीच कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ मेहमत ओज ने लोगों से खसरे के टीके लगाने का आह्वान किया है। अमेरिका की स्वास्थ्य एजेंसी मेडिकेयर और मेडिकेड सेवाओं के केंद्र के प्रशासक ओज़ ने एक कार्यक्रम में कहा कि सभी बीमारियां एक जैसी खतरनाक नहीं होतीं और न ही सभी लोग उन बीमारियों के प्रति समान रूप से संवेदनशील होते हैं, लेकिन खसरा ऐसी बीमारी है जिसका टीका लोगों को जरूर लगवाना चाहिए।
वैक्सीन
अमेरिका में बढ़ रहा खसरे का असर
डॉक्टर ओज ने यह टिप्पणी ऐसे समय पर की है, जब दक्षिण कैरोलिना में खसरे के सैकड़ों मामले सामने आ चुके हैं, जो 2025 की शुरुआत में टेक्सास में फैले प्रकोप से भी अधिक है। यूटा-एरिज़ोना सीमा के पास भी कई लोगों के बीमार होने की सूचना है और कई अन्य राज्यों ने इस वर्ष पुष्ट मामलों की सूचना दी है। बीमारी से बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। जनवरी में ही कुल मामलों का 25 प्रतिशत सामने आए हैं।
प्रकोप
वैक्सीन न लगवाने से बढ़ रहा प्रकोप
अमेरिका के जनस्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों में टीकों के प्रति संदेह बढ़ने के कारण बीमारी बढ़ रही है, जिससे संभवतः उस बीमारी की वापसी को बढ़ावा मिल रहा है, जिसे अमेरिका में समाप्त घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि अधिकांश मरीज़ों को टीका नहीं लगा है, लेकिन इस संबंध में कोई राष्ट्रीय अभियान शुरू नहीं किया गया है। ओज ने अपील की है कि लोग टीका जरूर लगवाएं क्योंकि समस्या का यही समाधान है।
खसरा
क्या है खसरा?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, खसरा पैरामाइक्सोवायरस परिवार के एक वायरस के कारण होता है। यह आमतौर पर किसी संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने या हवा के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। खसरा का वायरस इम्युन सिस्टम की कोशिकाओं को संक्रमित करता है, जो पूरे शरीर में घूमती हैं और वायरस को खून में छोड़ देती हैं। इसके कारण यह पूरे शरीर में फैलकर किसी भी अंग को संक्रमित कर सकता है।