LOADING...
जल्द थमेगा ईरान युद्ध? अमेरिका और मध्यस्थों के साथ 45 दिनों के युद्धविराम पर बातचीत शुरू
ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर चर्चा शुरू

जल्द थमेगा ईरान युद्ध? अमेरिका और मध्यस्थों के साथ 45 दिनों के युद्धविराम पर बातचीत शुरू

लेखन गजेंद्र
Apr 06, 2026
09:22 am

क्या है खबर?

ईरान ने 28 फरवरी से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। वह अमेरिका और क्षेत्रीय मध्यस्थों के एक समूह के साथ 45 दिनों के युद्धविराम की शर्तों पर चर्चा कर रहा है। यह खुलासा अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस ने किया है। उसने 4 अधिकारियों के हवाले से खबर की पुष्टि की, जिससे युद्ध के स्थायी समाप्ति की संभावना को बल मिला है। बता दें, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम दिया है।

बातचीत

बातचीत में शामिल हैं पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की

रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की के मध्यस्थों के जरिए और ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच भेजे गए टेक्स्ट संदेशों के माध्यम से हो रही है। बताया जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन ने हाल के दिनों में ईरान को कई प्रस्ताव दिए, लेकिन अब तक ईरानी अधिकारियों ने उन्हें स्वीकार नहीं किया है। मध्यस्थ दो चरणों वाले समझौते की शर्तों पर अमेरिका-ईरान से चर्चा कर रहे हैं।

चर्चा

दो चरणों वाले समझौतें की शर्तें क्या हैं?

रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चरण में संभावित 45 दिनों का युद्धविराम होगा, जिसके दौरान युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए बातचीत की जाएगी। अगर बातचीत के लिए अधिक समय की आवश्यकता हुई तो युद्धविराम को बढ़ाया जा सकता है। इसके बाद दूसरे चरण में युद्ध समाप्त करने पर एक समझौता होगा। मध्यस्थ समूह होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना और ईरान के अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम का समाधान चाहते हैं और यही दोनों ईरान के मुख्य सौदेबाजी के हथियार हैं।

Advertisement

समझौता

ईरान ने स्पष्ट किया कि वह गाजा और लेबनान नहीं बनना चाहता

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी केवल 45 दिनों के युद्धविराम के लिए होर्मुज और परमाणु कार्यक्रम पर पूरी तरह से समझौता करने को तैयार नहीं होंगे। मध्यस्थ समूह चाहते हैं कि ईरान समझौते के पहले चरण में दोनों मुद्दों पर कदम उठाए और ईरान को स्थायी युद्धविराम और इसे दोबारा शुरू न करने की गारंटी मिले। ईरानी अधिकारियों ने मध्यस्थों को स्पष्ट किया कि वे गाजा-लेबनान नहीं बनना चाहते, जहां युद्धविराम कागजों पर हो और अमेरिका-इजरायल जब चाहें हमला कर दें।

Advertisement

संभावना

बड़ी संभावना टालना चाहते हैं मध्यस्थ समूह

रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यस्थों ने ईरानी अधिकारियों से कहा कि बातचीत की रणनीति के लिए समय नहीं हैं और यह अगले 48 घंटे में बड़े विनाश को टालने का आखिरी मौका है। ईरानी अधिकारी अभी भी किसी भी तरह की रियायत देने से इनकार कर रहे हैं। बता दें कि ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने रविवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति युद्ध से पहले जैसी कभी नहीं होगी, खासकर अमेरिका और इजरायल के लिए।

अल्टीमेटम

ट्रंप ने दिया है मंगलवार रात 8 बजे तक अल्टीमेटम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोलने और उसके बुनियादी ढांचे पर हमले के लिए मंगलवार रात तक का समय दिया है। ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ पर पोस्ट किया 'मंगलवार रात 8 बजे (पूर्वी समय)।' इसके अलावा ट्रंप ने कोई विवरण नहीं दिया है। हालांकि, पोस्ट से पहले ABC न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध कुछ दिनों में खत्म होगा, वरना ईरान पूरी तरह तबाह होगा।

Advertisement