ट्रंप ने कुछ दिनों में ईरान युद्ध खत्म होने का दावा किया, वरना पूरा देश उड़ाएंगे
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान युद्ध को समाप्त करने को लेकर नया दावा किया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष कुछ ही दिनों में खत्म हो सकता है। ABC न्यूज को दिए एक फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान जल्द ही समझौता कर लेगा और अगर ऐसा नहीं होता है, तो अमेरिका पूरे देश को उड़ा देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी ईरान को अल्टीमेटम दिया है।
दावा
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने इंटरव्यू में कहा, "ईरान में आज पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाने का दिन होगा। अगर कोई समझौता नहीं होता है तो बहुत कम चीजें जो बचेंगी।" उन्होंने ईरान में जमीनी सेना भेजने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह आवश्यक है, लेकिन मैं संभावना से इनकार नहीं करता।" उन्होंने कहा कि ईरान के पास पर्याप्त समय है, अगर वे समझौता नहीं करेंगे तो उनका पूरा देश बर्बाद हो जाएगा।
अल्टीमेटम
ट्रंप ने किया रहस्यमयी पोस्ट
ट्रंप ने इंटरव्यू के बाद ट्रुथ पर एक रहस्यमयी पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बस इतना लिखा, 'मंगलवार, पूर्वी समयानुसार रात 8:00 बजे!' इससे संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने ईरान को समझौते के लिए अतिरिक्त दिन दिया है और अपने अल्टीमेटम को 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया है। इससे पहले ट्रंप ने वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा था कि अगर वे मंगलवार शाम तक कुछ नहीं करते, तो उनके पास कोई बिजली संयंत्र और पुल नहीं रहेगा।
बौखलाहट
ट्रंप की होर्मुज को लेकर दिख रही बौखलाहट
ट्रंप की होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बौखलाहट साफ दिख रही है। रविवार को उन्होंने ट्रुथ पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए लिखा था, 'मंगलवार का दिन ईरान में 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा, ये दोनों एक ही दिन में होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा! 'कमीने' होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दो, तुम पागल कमीनों, वरना तुम नरक में रहोगे, बस देखते जाओ!' ट्रंप ने 26 मार्च को होर्मुज खोलने के लिए 10 दिन की समयसीमा दी थी।