अमेरिका में ग्रीन-कार्ड धारक भारतीय महिला को ICE ने हिरासत में लिया, क्या है कारण?
क्या है खबर?
अमेरिका में आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) की सख्ती बढ़ती जा रही है। उसने भारतीय मूल की अमेरिकी ग्रीन कार्ड धारक बुजुर्ग महिला वेंकटा नरसमांबा वासमसेट्टी को हिरासत में लिया है। वेंटका 27 साल से अमेरिका में रह रही हैं और उनके पास ग्रीन कार्ड भी है, जो उन्हें 2013 में मिला था। वह 2 बच्चों की दादी हैं। अभी उन्हें जॉर्जिया के इरविन काउंटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उनका क्या अपराध है? आइए, मामला जानते हैं।
विवाद
कौन हैं वेंकटा?
वेंकटा पिछले 27 वर्षों से अमेरिका में कानूनी रूप से रह रही हैं। वह उत्तरी कैरोलिना में वेक काउंटी पब्लिक स्कूल सिस्टम में शिक्षक हैं और विशेष जरूरतों वाले छात्रों के लिए काम करती हैं।
उन्हें 2013 में ग्रीन कार्ड मिला था। उनका अपना घर और 2 बेटियां हैं, जो अमेरिकी नागरिक हैं। उनकी बेटी यशस्विनी वासमसेट्टी टेक्सास और न्यू जर्सी में लाइसेंस प्राप्त रोजगार-आधारित आव्रजन वकील हैं।
वेंकटा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं और न कोई चालान हुआ है।
अपराध
वेंकटा का क्या है अपराध?
वेंकटा जुलाई 2022 में अपने बीमार पिता से मिलने भारत आई थीं। नवंबर में उनको कोरोना हो गया और अमेरिका लौटने मेंं 7 महीने की देरी हो गई।
वह फरवरी 2023 में अमेरिका लौटीं, लेकिन उन्हें रैले-डरहम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोक लिया गया। गृह सुरक्षा विभाग ने उनसे कहा कि लंबा समय विदेश में बिताने के कारण उनका इरादा ग्रीन कार्ड छोड़ने का है।
उनको आव्रजन अदालत में पेश किया गया, जहां 19 मई, 2026 को उनकी जीत हुई।
हिरासत
कोर्ट से जीत के बाद क्यों हिरासत में लिया गया?
कोर्ट ने न केवल वेंकटा की निष्कासन की कार्यवाही को रद्द किया, बल्कि विभाग की ओर से उठाए गए सबूतों को भी कमजोर बताया।
इसके बाद 11 जुलाई, 2026 को उनकी ICE के साथ निर्धारित निरीक्षण मुलाकात की। वेंकटा कोर्ट का आदेश लेकर पहुंची, लेकिन उनको एक महीने बाद बुलाया गया।
जब 11 अगस्त को वह दोबारा ICE कार्यालय पहुंची तो उनको हिरासत में ले लिया गया और बिना किसी पूर्व सूचना के हथकड़ी पहनाकर हिरासत केंद्र में भेज दिया।
लड़ाई
क्या अमेरिका से ग्रीन कार्ड धारक को निर्वासित कर सकते हैं?
ग्रीन कार्ड धारक को अमेरिका में स्थायी रूप से रहने का अधिकार है, लेकिन ग्रीन कार्ड की शर्तों का उल्लंघन और 6 महीने से अधिक समय तक अमेरिका से बाहर रहने पर उन पर सदस्यता छोड़ने का मामला बन सकता है।
वेंकटा की बेटी ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर 'फ्री वेंकटा' अभियान चलाया है। उन्होंने ICE हिरासत को चुनौती देते हुए आपातकालीन बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की है ।
कोर्ट ने आव्रजन एजेंसी से जवाब मांगा है।